Crime

गोरखपुर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, चाय की दुकान में घुसकर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़, वीडियो वायरल

गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। एक पक्ष के 10 से अधिक युवक चाय की दुकान में घुसकर ईंट-पत्थर चलाने लगे और बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो वायरल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट और पथराव की घटना सामने आई है। मनबढ़ युवकों ने एक चाय की दुकान में घुसकर ईंट-पत्थर चलाए और बाहर खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। करीब 10 मिनट तक इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक बेल्ट लहराते हुए गालियां देते और पथराव करते दिखाई दे रहे हैं।

चाय की दुकान पर शुरू हुआ विवाद, फिर हुआ पथराव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे तिवारीपुर क्षेत्र के दुल्हन मैरेज हाउस के पास स्थित एक चाय की दुकान पर हुई। बताया जा रहा है कि रूद्रपुर और अंधियारीबाग क्षेत्र के युवकों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव में बदल गया।

इसी दौरान एक पक्ष के 10 से अधिक युवक अचानक मौके पर पहुंचे और चाय की दुकान में घुसकर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। हमले से घबराकर दुकान पर मौजूद दूसरे पक्ष के युवक अपनी जान बचाने के लिए दुकान की छत पर चढ़ गए। हमलावरों ने छत की ओर भी पत्थर फेंके और लगातार गालियां देते हुए धमकियां देते रहे।

गाड़ियों में की तोड़फोड़, बेल्ट लहराकर दी धमकी

हमलावर युवकों ने चाय की दुकान के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया और उन पर ईंट-पत्थर बरसाकर नुकसान पहुंचाया। इस दौरान कुछ युवक हाथ में बेल्ट लहराते हुए छत पर खड़े दूसरे पक्ष के युवकों को मारने की धमकी देते नजर आए। करीब 10 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो गए और कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर लीं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक खुलेआम बेल्ट और पत्थरों के साथ उत्पात मचा रहे हैं और क्षेत्र में दहशत फैला रहे हैं।

पुलिस पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही तिवारीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने कहा-पुराना विवाद, आरोपियों की तलाश जारी

तिवारीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अंधियारीबाग और तरंग क्रासिंग के पास रहने वाले युवकों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में यह घटना हुई है। पुलिस वायरल वीडियो और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। संबंधित चौकी प्रभारी और पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

गोरखपुर में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत 50 वरिष्ठ नागरिकों की नि:शुल्क मोतियाबिंद सर्जरी

मोबाइल-लैपटॉप की चिप अब बनेगी उत्तर प्रदेश में, जेवर में लगा हाई-टेक मेगा प्लांट

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button