Crime

भलुअनी बाजार में दिनदहाड़े ठगी, महिला से 80 हजार के गहने लेकर फरार हुए शातिर

भलुअनी, देवरिया में भलुअनी बाजार के दुर्गा मंदिर के समीप ठगों ने एक महिला को झांसे में लेकर करीब 80 हजार रुपये मूल्य के गहने ठग लिए। पीड़िता बतसिया देवी, निवासी पोखरभिंडा, किसी कार्य से बाजार आई थीं। दो युवकों ने पैसे गिराने का नाटक कर महिला को बहलाया और सुरक्षा का डर दिखाकर कान की सोने की झालियां व गले की जिउतिया उतरवा ली। ठगी का एहसास होते ही महिला रोने लगी। पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की तलाश में जुटी है।

  • पैसे गिराने का नाटक कर झांसे में लिया, दुर्गा मंदिर के पास हुई वारदात से बाजार में दहशत

भलुअनी, देवरिया। भलुअनी बाजार में रविवार को दिनदहाड़े ठगी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां शातिर ठगों ने झांसे में लेकर एक महिला के करीब 80 हजार रुपये मूल्य के सोने के गहने हड़प लिए और फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पीड़िता रोती-बिलखती मदद की गुहार लगाती रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान थानाक्षेत्र के पोखरभिंडा ग्राम पंचायत निवासी बतसिया देवी पत्नी रामकृपाल चौहान के रूप में हुई है। बताया गया कि बतसिया देवी किसी निजी कार्य से भलुअनी बाजार आई थीं और काम निपटाकर वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान दुर्गा मंदिर के समीप चबूतरे के पास एक युवक ने उनसे बातचीत शुरू की। बातचीत के बीच ही एक दूसरा युवक अचानक अपनी जेब से करीब 30 हजार रुपये गिराकर आगे बढ़ गया।

पहले युवक ने गिरा हुआ पैसा उठाने का नाटक किया और महिला से कहा कि चलिए, हम आपस में यह पैसा बांट लेते हैं। अनजान युवकों की बातों में आकर महिला झांसे में आ गई। इसके बाद युवक ने यह कहकर डराया कि आसपास बदमाश घूमते रहते हैं, इसलिए अपने कान की सोने की झालियां और गले में पहनी जिउतिया उतारकर सुरक्षित रख लीजिए। उसने महिला के ओढ़े हुए शाल में रुपये और गहने लपेटकर छिपाने का नाटक किया और कहा कि आप यहीं बैठिए, मैं देख कर आता हूं कि कहीं रुपये गिराने वाला व्यक्ति वापस तो नहीं आ रहा।

https://cmgtimes.com/one-day-one-platform-one-message-baba-ganinath-puja-festival-connected-every-generation/

कुछ देर बाद जब महिला ने शाल खोलकर देखा तो उसमें न तो रुपये थे और न ही उसके गहने। तब उसे ठगी का एहसास हुआ, लेकिन तब तक दोनों युवक मौके से फरार हो चुके थे। सच्चाई सामने आते ही पीड़िता फूट-फूटकर रोने लगी और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी और महिला को थाने भिजवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और ठगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि भलुअनी बाजार में इस तरह की ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आए दिन लोगों को झांसा देकर गहने और नकदी ठगी जा रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन की सतर्कता न होने के कारण ठगों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

ठंड में उम्मीद की गर्माहट: समाजसेवियों ने जरूरतमंद बच्चों के घर पहुँचाया सहारा

एक दिन, एक मंच, एक संदेश-बाबा गणिनाथ पूजनोत्सव ने जोड़ा हर पीढ़ी को

Related Articles

Back to top button