9 जुलाई को प्रदेश में एक दिन में लगाए जाएंगे 37 करोड़ पौधे, 52.43 करोड़ पौधे तैयार
'एक पेड़ मां के नाम 2.0 थीम' पर अयोध्या व आजमगढ़ में पौधरोपण कर महाभियान का यूपी में शुभारंभ करेंगे सीएम योगी .राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ व ब्रजेश पाठक लखनऊ में करेंगे पौधरोपण, नोडल अधिकारियों ने परखी व्यवस्था .
- 9 जुलाई को आधे दिन सभी कार्यालय, विद्यालय व अन्य संस्थाएं केवल पौधरोपण कार्य में देंगी सहयोग
लखनऊ : बस कुछ घंटे और, फिर योगी सरकार नया इतिहास रचेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ थीम पर उत्तर प्रदेश में 9 जुलाई (बुधवार) को एक दिन में 37 करोड़ पौधरोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और आजमगढ़ में ‘पौधरोपण महाभियान-2025’ का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाया जाएगा। इसके लिए नर्सरियों व अन्य स्थानों पर 52.43 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सभी मंत्री जनपदों में रहकर पौधरोपण करेंगे। महाभियान के लिए नामित नोडल अधिकारियों ने आवंटित जनपदों में मंगलवार को पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और वन विभाग के अधिकारियों संग इसे अंतिम रूप भी दिया।
सीएम योगी अयोध्या व आजमगढ़ में करेंगे पौधरोपण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या व आजमगढ़ में पौधरोपण करेंगे। वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना भी विभागीय कार्यक्रम के तहत उक्त जनपदों में पौधरोपण करेंगे। मुख्यमंत्री यहां जनसंवाद भी करेंगे और कार्बन क्रेडिट के तहत सात किसानों को चेक भी प्रदान करेंगे।
राज्यपाल बाराबंकी, केशव मौर्य मेरठ व ब्रजेश पाठक लखनऊ में करेंगे पौधरोपण
महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ व ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे। इसके अतिरिक्त सभी कैबिनेट मंत्री, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व राज्यमंत्री जनपदों में पहुंचकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाएंगे। इसके अलावा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व राज्यमंत्री भी विभिन्न जनपदों में जाकर पौधरोपण कराएंगे।
नोडल अफसरों ने लिया जायजा, तैयारियां पूरी
सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगने वाले पौधरोपण महाभियान-2024′ (एक पेड़ मां के नाम) के लिए नामित अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव/सचिव स्तर के अफसरों को नो़डल अधिकारी नामित किया गया है। सभी जनपदों के नोडल अधिकारियों ने मंगलवार को जनपदों में पहुंचकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
पौधरोपण महाभियान विशेष
👉26 विभागों और 25 करोड़ नागरिकों की रहेगी सहभागिता
👉सभी 18 मंडलों में लगेंगे पौधे, सर्वाधिक लखनऊ मंडल में
👉सभी विभागों के लिए तय किए गए लक्ष्य, वन, वन्यजीव व पर्यावरण विभाग मिलकर लगाएगा सर्वाधिक 14 करोड़ से अधिक पौधे
👉पौधरोपण महाभियान में जनप्रतिनिधियों की भी रहेगी सहभागिता
👉अटल वन, एकता वन, एकलव्य वन, ऑक्सी वन, शौर्य वन, त्रिवेणी वन, गोपाल आदि वन की होगी स्थापना
👉सहजन भंडारा के तहत प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवासीय योजना व जीरो पॉवर्टी कार्यक्रम के लाभार्थियों द्वारा सहजन के दो-दो पौधों का रोपण
👉13 प्रमुख नदियों समेत सभी नदियों के समीप कुल 21313.52 हेक्टेयर में लगाए जाएंगे 3,56,26,329 पौधे
👉वन विभाग द्वारा सड़क किनारे लगेंगे 1.14 करोड़, एक्सप्रेसवे के किनारे लगाए जाएंगे 2.50 लाख पौधे
👉https://upforest.gov.in तथा https://upfd.in/upfdmedia/secure/login/login.aspx पर क्लिक करके या क्यू आर कोड स्कैन करके भी पौधरोपण की फोटो करें अपलोड
मनरेगा के जरिए रोपे जाएंगे साढ़े बारह करोड़ पौधे, हरियाली के साथ रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
लखनऊ : प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य भर में मनरेगा योजना के माध्यम से साढ़े बारह करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। प्रक्रिया के अंतर्गत हरियाली के साथ-साथ रोजगार को भी बढ़ावा देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उल्लेखनीय है कि इस बार अभियान “एक पेड़ मां के नाम 2.0” थीम पर आधारित होगा, जिसका उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि मातृ वंदना के भाव को भी जनमानस से जोड़ना है।
1.89 लाख से अधिक स्थलों पर होगा पौधरोपण
पूरे प्रदेश में लखीमपुर खीरी को इस अभियान में सबसे बड़ा लक्ष्य मिला है। यहां 42 लाख पौधे लगाने की योजना बनाई गई है। इसके बाद सोनभद्र को दूसरा और हरदोई को तीसरा सबसे बड़ा लक्ष्य सौंपा गया है। इन जिलों में जलवायु और जमीन की उपलब्धता के अनुसार विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे। उल्लेखनीय है कि मनरेगा के अंतर्गत पौधरोपण के लिए प्रदेश में 1.89 लाख से अधिक स्थलों का चयन किया गया है। इन स्थलों को चिन्हित कर वहां की भौगोलिक और पर्यावरणीय स्थिति के अनुरूप पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाएगा। मनरेगा के तहत ग्रामीणों को इस कार्य में शामिल कर रोजगार और हरियाली दोनों को बढ़ावा दिया जाएगा।
हर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी को मिलेंगे दो सहजन के पौधे
योगी सरकार ने एक अनोखी पहल के तहत प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को दो-दो सहजन के पौधे देने का निर्णय लिया है। सहजन पौधा न सिर्फ औषधीय गुणों से भरपूर होता है बल्कि पोषण और स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। यह पहल ग्रामीण परिवारों के पोषण सुरक्षा की दिशा में एक और सार्थक कदम साबित होगा।
स्थल चयन, देखभाल और सुरक्षा की संपूर्ण योजना पर काम किया जा रहा
मनरेगा योजना के तहत इस मेगा प्लांटेशन अभियान में ग्राम्य विकास विभाग को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने लक्ष्य के अनुसार हर जिले में पुख्ता तैयारियां कर ली हैं। इसमें स्थल चयन, पौधों की किस्म, देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा की संपूर्ण योजना पर कार्य किया जा रहा है।
पौधों की वृद्धि और संरक्षण पर होगी प्राथमिकता
इस पूरे अभियान की सफलता केवल रोपण से नहीं बल्कि पौधों की सुरक्षा पर भी निर्भर करेगी। इसके लिए मनरेगा के अंतर्गत पौधों की नियमित सिंचाई, देखभाल, ट्री गार्ड की व्यवस्था और निगरानी की जाएगी। पौधों की वृद्धि और संरक्षण पर भी नजर रखी जाएगी। इस अभूतपूर्व अभियान के जरिए प्रदेश सरकार पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ ग्रामीणों को रोजगार, स्वास्थ्य और भावनात्मक जुड़ाव प्रदान कर रही है।
वन विभाग पहली बार कर रहा है रोपित पौधों और रोपण स्थलों की जियो टैगिंग
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेशव्यापी पौधरोपण महा अभियान-2025, 09 जुलाई दिन बुधवार को आयोजित किया जा रहा है। पौधरोपण महा अभियान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत रिकार्ड 37 करोड़ पौधे रोपित किये जाएंगे। सीएम योगी के विजन के मुताबिक इस पौधरोपण महाअभियान का उद्देश्य केवल रिकार्ड संख्या में पौध रोपण करना ही नहीं,बल्कि इन पौधों के संरक्षण और विकास से प्रदेश के ग्रीन कवर और पर्यावरण संतुलन को बनाये रखने में क्रांतिकारी बदलाव लाना है। इस उद्देश्य से इस वर्ष रिकार्ड पौध रोपण के साथ ही उनके संरक्षण और देखभाल के लिये रोपित पौधों और रोपण स्थल की जियो टैगिंग की जा रही है। जिससे पौध रोपण के बाद भी इन पौधों की वन विभाग व अन्य संस्थाओं की मदद से रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। साथ ही टी-गार्ड व अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से रोपित पौधों की जीवितता को बढ़ाया जाएगा।
वन विभाग जियो टैगिंग कर रोपित पौधों की करेगा रियल टाइम मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप इस वर्ष पौधरोपण महा अभियान – 2025 का सबसे विशिष्ट पक्ष रिकार्ड पौधरोपण के साथ रोपित पौधों और रोपण स्थलों की जियो टैगिंग की जा रही है। वन विभाग के संबंधित अधिकारी ने बताया कि जियो टैगिंग के माध्यम से प्रत्येक पौधे और रोपण स्थल का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। जिससे पौध रोपण के बाद भी रोपित पौधों की स्थिति पर नजर रखी जा सकेगी और समय-समय उनकी देखभाल और संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे। जियो टैगिंग की यह तकनीक न केवल पौधों की देखभाल को आसान बनाएगी, बल्कि अभियान की पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ाएगी। साथ ही रोपित पौधों की देखभाल के लिए टी-गार्ड व अन्य आधुनिक उपकरणों का प्रयोग भी किया जाएगा।
व्यापारिक, समाजिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से होगा रोपित पौधों का संरक्षण
पौधरोपण अभियान – 2025 को सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक बनाते हुए वन विभाग ने व्यापारिक, सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के समन्वय स्थापित किया है। वन विभाग के संबंधित अधिकारी का कहना है कि ये संस्थाएं रोपित पौधों के संरक्षण के लिए टी-गार्ड व अन्य सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था में भी सहयोग कर रही हैं।
इसके अलावा, कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड के माध्यम से बैंकों और निजी क्षेत्र की कंपनियों से रोपण क्षेत्रों को गोद लेने और पौधों की सिंचाई व सुरक्षा के लिए संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण अभियानों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस बार का अभियान तकनीकी नवाचार और सामुदायिक सहयोग के बल पर और भी प्रभावी होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया है कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारा एक दीर्घकालिक पर्यावरणीय दायित्व है।
वाराणसी के 8 विकास खंडों के 155 गांवों में “अमृत वन” वृक्षारोपण के महाभिया से विकसित किए जाएंगे
व्यापक श्रमदान के माध्यम से की गई पौराणिक मनोरमा नदी के पुनरोद्धार की ऐतिहासिक पहल की शुरुआत



