UP Live

महाकुंभ-25:क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम की भी कंट्रोल रूम को जानकारी देंगे एआई आधारित कैमरे

संदिग्ध की पहचान कर कंट्रोल रूम को अलर्ट करेगा एआई सीसीटीवी, लगाए जाएगी वीएमडी टीवी स्क्रीन.श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्थापित किया जा रहा 50 सीटर कॉल सेंटर, एआई से लैस होगी पार्किंग व्यवस्था.

-योगी सरकार का बड़ा कदम, एआई सीसीटीवी से अभेद्य होगी महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था
-सीएम योगी के निर्देश पर मेला क्षेत्र और पूरे शहर में लगाए जाएंगे 25 सौ से ज्यादा सीसीटीवी

प्रयागराज/लखनऊ : योगी सरकार महाकुंभ-25 को दिव्य, भव्य और नव्य बनाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। महाकुंभ से पहले पूरे शहर को जहां भव्य रूप से सजाने का काम जोरों पर चल रहा है, वहीं दूसरी ओर महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी खास इंतजाम किये जा रहे हैं। योगी सरकार की पुलिस जहां एक तरफ चप्पे-चप्पे पर नजर रखेगी। वहीं, दूसरी ओर टेक्नोलॉजी के जरिये सुरक्षा व्यवस्था को और भी पुख्ता करने की तैयारी चल रही है। इसमें सबसे अहम रोल एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित सीसीटीवी कैमरे निभाएंगे। योगी सरकार पूरे शहर में 2500 से ज्यादा सीसीटीवी लगाएगी। इनमें एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे भी शामिल हैं, जिन्हे सीधे कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।

एक हजार सीसीटीवी इंस्टॉल, कुल 2750 सीसीटीवी से होगी निगरानी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में प्रयागराज में महाकुंभ के कार्यों की समीक्षा की थी। मेला अधिकारी विजय किरण आनंद ने बताया कि सीएम ने अधिकारियों को 15 दिसंबर तक सारे काम पूरे करने के निर्देश दिये थे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिये थे ताकि महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसके बाद विकास कार्यों ने और तेज रफ्तार पकड़ ली है। वहीं सीएम योगी के निर्देश पर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य करने के लिए हाईटेक 2,750 सीसीटीवी लगाने का काम चल रहा है।

वहीं कई प्रमुख स्थानों और मेला क्षेत्र में एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। अब तक एक हजार सीसीटीवी को विभिन्न स्थानों पर इंस्टॉल भी किया जा चुका है। वहीं इन सभी कैमरों को कंट्रोल रूम से सीधा जोड़ा जाएगा। यहां से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं पर सीधी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर 80 वीएमडी टीवी स्क्रीन को लगाया जाएगा। इसके जरिये विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियों को डिस्पले किया जाएगा।

एआई आधारित रियल टाइम अलर्ट सीसीटीवी से लैस होगा मेला क्षेत्र और प्रमुख स्थान

महाकुंभ में करीब 25 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मेला क्षेत्र, मेला को जाने वाले मार्ग और शहर के प्रमुख मार्गों पर क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम वाले एआई आधारित रियल टाइम अलर्ट सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं। इसकी मॉनीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम में अलग से व्यवस्था की जा रही है।

वहीं महाकुंभ मेला हेल्पलाइन 1920 के लिए डेडिकेटेड 50 सीटर कॉल सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जहां पर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यह सभी पल-पल की अपडेट अधिकारियों के साथ शेयर करेंगे। वहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या फिर अगर किसी स्थान पर ज्यादा भीड़ एकत्रित होने पर संबंधित चौकी और थाने को सूचना देंगे ताकि वहां से भीड़ को कम किया जा सके। साथ ही भीड़ को एक जगह एकत्रित होने से रोकने के लिए रियल टाइम अलर्ट सीसीटीवी अहम रोल निभाएगा।

बेहतर पार्किंग प्रबंधन को अपनायी जाएगी एआई आधारित पार्किंग प्रबंधन प्रणाली

श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पार्किंग पर खासा फोकस किया जा रहा है। यहां पर पांच लाख से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रहा है। इन स्थानों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये जा रहा हैं। यहां पर बेहतर पार्किंग प्रबंधन के लिए एआई आधारित पार्किंग प्रबंधन प्रणाली अपनायी जाएगी। इसके जरिये हर वाहन पर नजर रखी जाएगी। जैसे वाहन किस समय आया, कितनी देर पार्किंग में रहा और कब पार्किंग से निकलकर कहां गया इत्यादि।

महाकुंभ में चुस्त-दुरुस्त होगी बिजली व्यवस्था

महाकुंभ 2025 में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चुस्त और दुरुस्त होगी। पूरे मेला क्षेत्र में बिजली की कहीं कोई कमी नहीं होगी, इसके लिए विद्युत विभाग के साथ समन्वय से मेला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। इसके अंतर्गत दो नए सब स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। वहीं सब स्टेशनों की क्षमता वृद्धि, इंटरलिंक लाइन के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। यही नहीं विद्युत लाइन को भूमिगत करने की कार्यवाही भी जारी है। इसके साथ कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

दो नए सब स्टेशन का निर्माण
महाकुंभ 2025 के दृष्टिगत गंगापार झूसी क्षेत्र में 132/33 के.वी. पारेषण उपकेन्द्र हेतापट्टी का निर्माण हो रहा है। यह उपकेन्द्र मेला क्षेत्र और लगभग 2.50 लाख आबादी वाले शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों (आवास विकास, त्रिवेणीपुरम्, सहसों, हेतापट्टी) को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। इसी प्रकार, न्यू बेली उपकेन्द्र भी बन रहा है, जो बेली, म्योराबाद, कटरा और राजापुर जैसे क्षेत्रों की लगभग 1 लाख आबादी को बिजली प्रदान करेगा।

सब स्टेशनों की क्षमता वृद्धि
फाफामऊ उपकेन्द्र की क्षमता वृद्धि हो रही है, जिससे फाफामऊ बाजार, ग्रामीण क्षेत्र और शांतिपुरम् के लगभग 50 हजार निवासियों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। इसके साथ ही शहर के प्रमुख उपकेन्द्रों को इंटरलिंक लाइन के माध्यम से जोड़ा जा रहा है, जिससे 7 लाख लोगों को निर्बाध बिजली मिलेगी।

इंटरलिंक लाइन का निर्माण
शहर के 12 प्रमुख 33/11 के.वी. उपकेन्द्रों को जोड़ने के लिए 12 इंटरलिंक लाइनें बनाई जा रही हैं। इससे सिविल लाइन्स, बैरहना, रामबाग, हाईकोर्ट, करैली, खुशरोबाग, प्रयागराज जंक्शन, बेली और फाफामऊ जैसे क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होगी।

विद्युत लाइन को भूमिगत करने की कार्यवाही
एयरपोर्ट रोड, बाघम्बरी रोड और पेशवाई मार्ग की सभी एच.टी. और एल.टी. लाइनों को भूमिगत कर दिया गया है। इससे इन क्षेत्रों में सुन्दरता और दुर्घटनाओं से बचाव होगा। साथ ही, अखाड़ों की पेशवाई के दौरान बाधक बिजली लाइनों को हटाकर भूमिगत किया जा चुका है।

आर.एम.यू. की स्थापना
महाकुंभ के दौरान बिजली सप्लाई को लगातार चालू रखने के लिए आवास विकास, दारागंज, फोर्ट रोड और सोमेश्वरनाथ उपकेन्द्रों पर 33 के.वी. आर.एम.यू. (रिंग मेन यूनिट) स्थापित किए जा रहे हैं। इससे किसी भी फॉल्ट की स्थिति में आपूर्ति 10 से 15 सेकंड में फिर से चालू हो जाएगी, जिससे मेला क्षेत्र को निर्बाध आपूर्ति मिल सकेगी।

पार्किंग और परेड क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था
पार्किंग क्षेत्र और परेड क्षेत्र की 33 के.वी. लाइनों को भूमिगत कर दिया गया है, जिससे मेला के दौरान बिजली से संबंधित कोई भी दुर्घटना नहीं होगी। परेड क्षेत्र में डिजाइनर पोल लगाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में सुंदरता के साथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

रेलवे स्टेशनों और आरयूबी में बाधक लाइनों का भूमिगतकरण
प्रयागराज जंक्शन और प्रयाग स्टेशन के सामने की बिजली लाइनों को भी भूमिगत किया गया है। इससे मेला के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा नहीं होगी और रेलवे स्टेशनों के सामने सुरक्षित मार्ग बनाए रखा जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button