
बलिया: जनपद बलिया के उभांव थाना अंतर्गत बहुताचक उपाध्याय गांव में निर्माणाधीन मकान के छत के समीप से गुजर रहे हाईवोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से रविवार को दीपक यादव 40 वर्ष नामक शिक्षक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वे मऊ जनपद के रतनपुरा में कस्तूरबा गांधी में संविदा पर शिक्षक के रुप में कार्य कर रहे थे।

घटना के समय वे अपने गांव के बाहर नवनिर्मित मकान पर थे और हल्की बारिश के दौरान छत पर सफाई कर रहे थे। इस बीच छत से नीचे सामान फेंकने के दौरान वे पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गए और छत अचेत होकर गिर पड़े। जिसकी भनक लगने पर ग्रामिणों ने तत्काल उन्हें सीयर सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल भेजने की कार्रवाई तेज कर दी। वहीं घटना से मृतक की मां एवं पत्नी सुनीता देवी एवं दो पुत्रों का रो रोकर बुरा हाल है।



