
महिला दिवस पर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की छूट देने की घोषणा की
एलपीजी गैस सिंलेंडर की कीमत में 100 रुपए की छूट पर सीएम योगी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की कटौती की घोषणा की और कि इससे देश भर के लाखों परिवारों पर वित्तीय बोझ काफी कम हो जायेगा , विशेषकर देश की नारी शक्ति इससे लाभान्वित होंगी।श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा , “आज महिला दिवस पर हमारी सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की कटौती करने का फैसला किया है। इससे देश भर के लाखों परिवारों पर वित्तीय बोझ काफी कम हो जायेगा , विशेषकर हमारी नारी शक्ति इससे लाभान्वित होंगी।
”उन्होंने आगे कहा, “रसोई गैस को और अधिक किफायती बनाकर हमारा उद्देश्य परिवारों की भलाई और एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके लिए ‘जीवनयापन में आसानी’ सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है।”इससे एक दिन पहले गुरुवार को केंद्र सरकार ने अगले वित्तीय वर्ष के लिए उज्ज्वला योजना के तहत गरीब महिलाओं को 300 रुपये प्रति एलपीजी सिलेंडर सब्सिडी बढ़ाने की घोषणा की। पिछले साल अक्टूबर में सरकार ने प्रति वर्ष 12 रिफिल तक 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर सब्सिडी 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति रिफिल कर दी थी। (वार्ता)
एलपीजी गैस सिंलेंडर की कीमत में 100 रुपए की छूट पर सीएम योगी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपए की छूट के निर्णय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया है। अपने एक्स अकाउंट पर लिखते हुए मुख्यमंत्री ने इस फैसले को मातृशक्ति का सम्मान और पर्यावरण को संरक्षित करने वाली लोक-कल्याणकारी सौगात बताया है। सीएम ने लिखा, ”आज ‘महिला दिवस’ के अवसर पर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹100 की छूट का निर्णय करोड़ों परिवारों को आर्थिक राहत देने के साथ ही मातृशक्ति को धुंए और प्रदूषण से मुक्ति दिलाकर स्वस्थ व खुशहाल जीवन प्रदान करेगा। मातृशक्ति के सम्मान और पर्यावरण को संरक्षित करने वाली इस लोक-कल्याणकारी सौगात के लिए प्रदेश वासियों की ओर से आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी।



