National

इंडिया समूह का लक्ष्य केवल अपने परिवार के सदस्यों के लिए खजाना भरना: मोदी

भुवनेश्वर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस और उनके गठबंधन दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य अपने परिवार के सदस्यों की तिजोरी भरना है।ओडिशा के जाजपुर जिले के चंडीखोल के पास ‘मोदी गारंटी समावेश’ नामक एक विशाल सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस नीत इंडिया समूह केवल अपने परिवार के सदस्यों की गरीबी को दूर करने के बारे में सोच रहा है और उनका एकमात्र नारा ‘मोदी हटाओ’ है।उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन हमारी विकास की नीतियों के खिलाफ है और मुझ पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहते है कि मोदी का कोई परिवार नहीं है और मोदी को हटाओ।

श्री मोदी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की विचारधारा पहले उनका परिवार है लेकिन ‘राष्ट्र पहले मोदी का संकल्प है’। प्रधानमंत्री ने कहा,“मोदी का लक्ष्य भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है।”प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के गरीब, किसान, नौजवान और नागरिक अब कह रहे हैं कि वे मोदी के परिवार से हैं।प्रधान मंत्री ने ‘मेरा भारत मेरा परिवार’ कहते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है।श्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि 2014 से पहले कोयला जैसे खनिजों को लूटने वाली कांग्रेस सरकार गरीबों के विकास के बारे में क्या सोच सकती थी।

उन्होंने पूछा कि कांग्रेस सरकार किसानों को यूरिया कैसे मुहैया करा सकती है, जबकि सरकार उर्वरकों के मामले में आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।उन्होंने कहा कि आजादी के बाद, लोगों, विशेषकर गरीबों, आदिवासियों और युवाओं का कांग्रेस पर से भरोसा उठ गया है क्योंकि बैंक खाता खोलने या नौकरी के लिए पूछे जाने पर वह हमेशा गारंटी मांगती थी।श्री मोदी ने कहा लेकिन 2014 के बाद, एक गरीब आदमी का बेटा केंद्र में आया और प्रधान मंत्री बन गया और उसने देश में गरीबों की गारंटी ली, चाहे वह जनधन खाते हों, मुद्रा योजना या पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत ऋण लेना हो।

परिवारवार की राजनीति के कारण प्रतिभाशाली व्यक्तियों को नुकसान : मोदी

हैदराबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि परिवारवाद की राजनीति के कारण प्रतिभाशाली व्यक्तियों को नुकसान पहुंचता है जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने में बाधाएं झेलनी पड़ती है।श्री मोदी आज संगारेड्डी जिले में 6,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद पटेलगुडा, पाटंचेरु स्थित एसआर इन्फिनिटी में आयोजित विजय संकल्प सभा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर अपने भ्रष्टाचार को छुपाने का आरोप लगाया और तीखी आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस की विरासत और परिवारवार की राजनीति की अवधारणा की निंदा करते हुए कहा कि इससे प्रतिभाशाली व्यक्तियों को नुकसान उठाना पड़ता है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने में बाधाएं झेलनी पड़ती है।

तेलंगाना: मोदी ने सीएआरओ केन्द्र राष्ट्र को समर्पित किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को यहां नागरिक उड्डयन अनुसंधान संगठन (सीएआरओ) कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित किया।भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) गतिविधियों को उन्नत करने और बढ़ाने के लिए हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर यह केंद्र स्थापित किया गया था।यह केंद्र स्वदेशी और नवीन समाधान प्रदान करने के लिए घरेलू और सहयोगी अनुसंधान के माध्यम से विमानन समूह के लिए एक वैश्विक अनुसंधान मंच प्रदान करता है।इस केन्द्र का निर्माण लागत 354 करोड़ रुपये से अधिक आया है। यह केन्द्र अत्याधुनिक सुविधा 5-स्टार-गृह रेटिंग और ऊर्जा संरक्षण भवन कोड (ईसीबीसी) मानदंडों के अनुरूप है। यह युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करते हुए विमानन परिदृश्य में स्टार्ट-अप और नवाचार को बढ़ावा देता है।

सीएआरओ भविष्य के अनुसंधान और विकास पहलों का समर्थन करने के लिए व्यापक प्रयोगशाला क्षमताओं के एक सेट का उपयोग करेगा।यह केन्द्र ‘मेक इन इंडिया’ अवधारणा को अपनाते हुए और आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (एआई) को एक आत्मनिर्भर वैश्विक गुरु के रूप में उभरने के लिए प्रेरित करेगा। यह परिचालन विश्लेषण और प्रदर्शन माप के लिए डेटा विश्लेषण क्षमताओं का भी लाभ उठाएगा।केन्द्र में प्राथमिक अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों में हवाई क्षेत्र और हवाई अड्डे से संबंधित सुरक्षा, क्षमता और दक्षता सुधार कार्यक्रम, प्रमुख हवाईक्षेत्र चुनौतियों का समाधान करना, प्रमुख हवाईअड्डे के बुनियादी ढांचे की चुनौतियों पर गौर करना और अन्य बातों के अलावा, भविष्य के हवाई क्षेत्र और हवाई अड्डे की जरूरतों के लिए पहचाने गए क्षेत्रों में प्रौद्योगिकियों और उत्पादों का विकास करना शामिल होंगी।

सीएआरओ बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स 39,080 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें 17,475 वर्ग मीटर (ग्राउंड प्लस तीन मंजिल) का एक अनुसंधान एवं विकास केंद्र, 6,700 वर्ग मीटर का एक बेसमेंट, 8630 वर्ग मीटर का एक आवासीय ब्लॉक (ग्राउंड प्लस सात मंजिल) और 1295 वर्ग मीटर क्षेत्र का एक उपयोगिता भवन शामिल है।बेसमेंट का उपयोग मुख्य रूप से कार पार्किंग के लिए किया जाएगा, साथ ही 128 कारों को समायोजित करने के लिए ईवी चार्जिंग पॉइंट का प्रावधान और 83 कारों और 64 दोपहिया वाहनों के लिए सतह कार पार्किंग का प्रावधान किया जाएगा।कॉम्प्लेक्स में एटीएम एमुलेटर, डेटा एनालिटिक्स लैब और विज़ुअलाइज़ेशन लैब सहित यूएएस और मानवरहित विमान प्रणाली यातायात प्रबंधन (यूटीएम) प्रयोगशालाएं होंगी।परिसर में साइबर सुरक्षा और खतरा विश्लेषण प्रयोगशालाएं, एक डेटा प्रबंधन केंद्र, एक परियोजना सहायता केंद्र, एक सॉफ्टवेयर समाधान और उपकरण केंद्र और एक नेटवर्क बुनियादी ढांचा केंद्र भी होगा।

मोदी ने तेलंगाना के संगारेड्डी में विकासपरक परियोजनाओं का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में 7,200 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।श्री मोदी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-161 के 40 किलोमीटर लंबे कंडी से रामसनपल्ले खंड को चार लेन में अपग्रेड करने की परियोजना का उदघाटन किया। यह परियोजना इंदौर-हैदराबाद आर्थिक गलियारे का एक हिस्सा है और तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच निर्बाध यात्री और माल ढुलाई की सुविधा प्रदान करेगी। उन्होने राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के 47 किलोमीटर लंबे मिर्यालागुडा से कोडाद खंड को दो लेन में अपग्रेड करने वाली परियोजना का भी शुभारंभ किया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-65 के 30 किलोमीटर लंबे पुणे-हैदराबाद खंड की छह लेन की परियोजना की आधारशिला रखने के अलावा छह नए स्टेशन भवनों के साथ-साथ सनथनगर-मौला अली रेल लाइन के दोहरीकरण और विद्युतीकरण का भी उद्घाटन किया। करीब 1300 करोड़ रुपये की पुणे-हैदराबाद राजमार्ग परियोजना तेलंगाना के प्रमुख औद्योगिक केंद्र पाटनचेरु के पास पशमिलारम औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। उन्होंने घाटकेसर-लिंगमपल्ली के बीच मौला अली-सनथनगर के बीच उद्घाटन एमएमटीएस ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन सेवा हैदराबाद-सिकंदराबाद जुड़वां शहर क्षेत्रों में लोकप्रिय उपनगरीय ट्रेन सेवा को नये क्षेत्रों तक विस्तार करती है। इसके अलावा उन्होंने 3,340 करोड़ रुपये की इंडियन ऑयल पारादीप-हैदराबाद उत्पाद पाइपलाइन का भी उद्घाटन किया।

ओडिशा (329 किमी), आंध्र प्रदेश (723 किमी) और तेलंगाना (160 किमी) राज्यों से होकर गुजरने वाली यह पाइपलाइन पारादीप रिफाइनरी से विशाखापत्तनम, अचुतापुरम और विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश में) और हैदराबाद के पास मलकापुर (तेलंगाना में) के डिलीवरी स्टेशनों तक पेट्रोलियम उत्पादों का सुरक्षित और किफायती परिवहन सुनिश्चित करेगी।श्री मोदी ने हैदराबाद के बेगमपेट में 354 करोड़ रुपये की लागत वाले नागरिक उड्डयन अनुसंधान संगठन (सीएआरओ) बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में तेलंगाना की राज्यपाल डॉ तमिलिसाई सौंदरराजन, केंद्रीय पर्यटन मंत्री एवं तेलंगाना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी.किशन रेड्डी और अन्य गणमान्य हस्तियां मौजूद रही।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button