Politics

मिशन 2024 के लिए 29 अक्टूबर से भाजपा का वोटर चेतना महाअभियान

16 अक्टूबर से संगठन शुरू करेगा काशी क्षेत्र में जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर, जानेंगे मतदाता सूची की बारीकियां

  • पहले मतदाता पुनरीक्षण, बाद में हर घर दस्तक देंगे कार्यकर्ता

वाराणसी : मिशन 2024 के लिए प्रदेश भाजपा ने ब्लू प्रिंट बना लिया है। पहला फोकस मतदाता सूची पर है। इसके लिए 29 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में एक साथ महाअभियान की शुरुआत होगी फिर हर घर दस्तक दिया जाएगा। महा अभियान से पहले कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 16 अक्टूबर से जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ होगा। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन ने इसका नाम वोटर चेतना महाअभियान दिया। राज्य मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने वोटर चेतना अभियान के बाबत संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्षों, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों से जानकारी साझा की। बताया कि अभियान के दौरान घर-घर सम्पर्क करके मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में जुटने के लिए माइक्रोप्लान बना है।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने राज्य मुख्यालय पर इस निमित्त सम्पन्न हुई बैठक में भाग लेकर लौटने पर बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव में तमाम दलों के एक साथ गठबंधन के बावजूद भाजपा को 50 फीसदी से ज्यादा वोट मिला था। नगरीय निकाय, पंचायत तथा सहकारिता के चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। ऐसे में भाजपा का मजबूत संगठनात्मक ढांचा किसी भी चुनौती को स्वीकार करके परिणाम देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि वोटर चेतना महाअभियान प्रत्येक दहलीज के साथ प्रत्येक कैम्पस तथा प्रत्येक चौपाल पर पहुंचने का अभियान है। उन्होेंने कहा कि प्रत्येक 18 वर्ष की आयु को पूर्ण कर चुके युवाओं, विवाह होने के बाद परिवर्तित निवास स्थान, बूथ से अन्यत्र निवास करने वाले तथा बूथ पर नए आये मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने या नाम कटने का कार्य तथा दिवंगत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने का कार्य वोटर चेतना महाभियान के माध्यम से करना है।

उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में होनी वाली जिला तथा मंडल कार्यशालाओं में पूर्ण जानकारी पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा कार्यकर्ताओं को दी जाएगी। जिससे मतदाता पुनरीक्षण का कार्य सफल हो और प्रत्येक पात्र व्यक्ति मतदाता बन सके। उन्होंने कहा कि अभियान में पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा प्रत्येक जनप्रतिनिधि की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आगामी 16 व 17 अक्टूबर को वोटर चेतना महाअभियान के तहत जिला स्तर पर आयोजित होने वाली कार्यशालाओं तथा अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि 18 व 19 अक्टूबर को मंडल कार्यशालाओं के माध्यम से मतदाता पुनरीक्षण के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। 27 अक्टूबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित किया जाएगा।

29 अक्टूबर को मन की बात कार्यक्रम सुनने के पश्चात् पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सांसद, विधायक से लेकर सभी जनप्रतिनिधि घर-घर सम्पर्क कर मतदाता पुनरीक्षण के कार्य में जुटेगें। अभियान से प्रत्येक कार्यकर्ता को जोड़ने का कार्य करना है। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर से पांच नवम्बर तक तथा 25 नवम्बर से तीन दिसम्बर तक घर-घर सम्पर्क का विशेष अभियान चलाकर पार्टी एक-एक मतदाता से सम्पर्क करेगी। उन्होने कहा कि नव मतदाताओं से सम्पर्क करके उन्हें पार्टी से जोड़कर 2024 लोकसभा चुनाव की विजय आसान होगी और भाजपा प्रदेश में 80 सीटों पर विजय के लक्ष्य को प्राप्त करेगी। कहा कि पार्टी के अनुशासित व समर्पित कार्यकर्ताओं को सतत सम्पर्क व सतत संवाद की भाजपा की परम्परा के साथ फिर एक बार घर-घर दस्तक देना है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button