Crime

खेत से चोरी हुए लाखों के टमाटर, थाने में शिकायत दर्ज

बेंगलुरु । टमाटर की कीमत में बेतहाशा वृद्धि के बाद अब खेत से इनके चोरी होने के घटना सामने आई है। चोरी भी कोई छोटी-मोटी नहीं हुई है, लगभग 2 एकड़ के खेत से ढाई लाख के टमाटर चोरी हुए हैं। मामला कर्नाटक के हासन जिले का है।

टमाटरों की चोरी का मामला चार जुलाई की रात का है। हासन जिले के गोनी सोमनहल्ली गांव की महिला किसान धरानी ने आरोप लगाया कि उसके खेत से 2.5 लाख रुपये के टमाटर चोरी हो गए।उन्होंने बताया कि उसने दो एकड़ जमीन पर टमाटर की फसल उगाई थी। टमाटर की फसल काटकर वो उसे बेंगलुरु के बाजार में बेचने की योजना बना रही थीं, लेकिन तभी चोरों ने टमाटरों पर हाथ साफ कर दिया। बता दें, फिलहाल बेंगलुरु में टमाटर की कीमत 120 रुपये प्रति किलोग्राम से ऊपर पहुंच गई है।

धरानी ने हलेबीडु पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि हमें सेम की फसल में भारी घाटा हुआ था, इसलिए कर्ज लेकर टमाटर उगा लिए। हमारी फसल अच्छी हुई और संयोग से अभी टमाटरों की कीमतें भी ऊंची थीं। लेकिन, चोरों ने टमाटर की 50-60 बोरियां लेने के अलावा हमारी बाकी खड़ी फसल भी नष्ट कर दी।पुलिस का कहना है ये पहली बार है जब उनके थाने में टमाटर चोरी जैसा कोई मामला आया है। जांच की जा रही है। धरानी के बेटे ने भी राज्य सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई और जांच की मांग की है।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button