NationalState

योग एक दिन का नहीं, हर दिन का है : उपराष्ट्रपति

योग शून्य बजट वाला स्वास्थ्य बीमा, भारत के प्रयासों से बना वैश्विक पर्व : उपराष्ट्रपति

जबलपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज कहा कि योग शून्य बजट वाला स्वास्थ्य बीमा है और भारत के प्रयासों से ये एक वैश्विक पर्व बन गया है, जो हर देश में मनाया जा रहा है।श्री धनखड़ मध्यप्रदेश के जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि अंतराष्ट्रीय योग दिवस विश्व-बंधुत्व के संदेश का दिवस है। इस वर्ष की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’ हमारी साझी आकांक्षाओं और संस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। यह इस साल भारत की मेज़बानी में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन की विषयवस्तु के भी पूर्णत: अनुकूल है।उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा इतने अधिक वोटों से और कम से कम समय में योग को अंतर्राष्ट्रीय रूप में स्वीकृति देना भारतीय नेतृत्व की दूरदृष्टि की स्वीकृति है। भारत के प्रयासों से योग अब एक वैश्विक पर्व बन गया है। आज देश के हर कोने में और दुनिया के हर देश में यह पर्व मनाया जा रहा है।

श्री धनखड़ ने कहा कि योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है। योग ने आर्थिक स्वरूप भी ले लिया है, जो अर्थव्यवस्था को सकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। हमारे प्रशिक्षित योग टीचर दुनिया में कार्यरत है और योग से जुड़े शिक्षकों की मांग बढ़ रही है। योग मन, शरीर और आत्मा को शुद्ध बनाता है। ये शून्य बजट वाला स्वास्थ्य बीमा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि ‘हींग लगे ना फिटकरी और रंग भी चोखो आए’, ये ही योग का मंत्र है।इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी के वीडियो संदेश को भी चलाया गया।

इससे पहले केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग और आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस एक जन आंदोलन बन गया है और 180 देशों के सदस्य इस दिन संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भाग लेंगे।”मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री पटेल ने इसका उल्लेख किया कि स्वयं भगवान कृष्ण ने भगवद्-गीता में योग के महत्व पर जोर दिया था।वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि श्री मोदी ने योग का वैश्वीकरण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

धामी, बीस हजार साधकों ने योग गुरु रामदेव के साथ किया योग

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पतंजलि योगपीठ फेज-2 हरिद्वार के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में योग गुरु स्वामी रामदेव के साथ योगाभ्यास किया।उनके साथ, आचार्य बालकृष्ण सहित लगभग बीस हजार साधकों ने भी योग ध्यान किया।कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

नितिन गडकरी ने यशवंत स्टेडियम में किया योगाभ्यास

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर महाराष्ट्र में नागपुर के यशवंत स्टेडियाम योगाभ्यास किया।राज्य के यशवंत स्टेडियम में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। नागपुर में लगभग 40 हजार लोगों ने स्टेडियम में एक साथ योगभ्यास किया।इस अवसर पर नियमित रूप से योगाभ्यास करने वाले लोगों, सरकारी कर्मचारियों, विद्यालय और महाविद्यालय़ के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

श्री गडकरी ने इस अवसर पर ‘योग दिवस’ की बधाई देते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’ की भावना से आज योग दिवस मना रहे हैं।” उन्होंने कहा, ‘योग दिवस’ भारत सहित पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है।राज्य में इस कार्यक्रम का आयोजन जनार्दन स्वामी योगाभ्यासी मंडल, जिला प्रशासन, नागपुर नगर निगम और अन्य संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button