NationalVaranasi

एयर शो के लिए संवर रही काशी, दीवारों पर उकेरी जा रही गंगा घाटों की छटा

भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ पर वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक पेंटिंग, म्यूरल आर्ट, मोटिफ लाइटिंग और फसाड लाइटिंग से शहर को सजाया जा रहा है। दुकानों और भवनों को एकरूप रंग दिया जा रहा है। घाटों पर पीए सिस्टम, दिशा-सूचक बोर्ड, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं के साथ भीड़ प्रबंधन तथा विमानों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

वाराणसी : प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर योगी सरकार काशी को आकर्षक रूप देने के लिए शहर का व्यापक सौंदर्यीकरण करा रही है। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों, भवनों, फ्लाईओवर, अंडरपास और दीवारों को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है। कहीं दीवारों पर गंगा की लहरें और घाटों के दृश्य उकेरे जा रहे हैं, तो कहीं भवनों पर सुबहे बनारस की झलक दिखाई देने की तैयारी है। स्ट्रीट लाइट, पेड़ों और पुलों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि एयर शो के दौरान शहर पहुंचने वाले लोगों को काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की झलक मिल सके।

दीवारों पर गंगा की लहरें, घाटों के दृश्य और सुबहे बनारस की झलक

वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि काशी की पहचान उसकी समृद्ध विरासत, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता से है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर को सजाया जा रहा है। एयरपोर्ट से नमो घाट तक के मार्गों पर पेंटिंग, म्यूरल आर्ट और आकर्षक लाइटिंग के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक पहचान को उभारने का काम किया जा रहा है।दीवारों पर गंगा की लहरों, घाटों और गंगा तट के दृश्यों को उकेरा जा रहा है। वहीं, भवनों पर गंगा घाटों और सुबहे बनारस से जुड़े दृश्य दिखाई देंगे। मार्गों पर गंगा आरती के दृश्य और काशी की कला-संस्कृति से जुड़े चित्र भी देखने को मिलेंगे।

नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर लगेंगे डमरू, त्रिशूल और ॐ के झंडे

नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप झंडे लगाए जाना प्रस्तावित है। इन झंडों पर भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीक होंगे। एयर शो के मद्देनजर शहर में हो रहे सौंदर्यीकरण के तहत इस सजावट के जरिए मार्ग को काशी की आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप आकर्षक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

एक रंग में नजर आएंगी दुकानें और भवन

वीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि चौकाघाट से नमो घाट तक दुकानों और भवनों को एकरूपता देने के लिए एक ही रंग में रंगने का काम कराया जा रहा है। इससे मार्गों का दृश्य अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा। इसके साथ ही पेड़ों पर फसाड लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्पाइरल स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है।सौंदर्यीकरण के माध्यम से काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और कलात्मक पहचान को भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों के साथ काशी के गीत-संगीत और नृत्य की झलक भी सजावट का हिस्सा होगी।

नमो घाट से चौकाघाट तक सजावट का काम जारी

नमो घाट से चौकाघाट तक सड़क किनारे स्थित भवनों पर फसाड पेंटिंग कराई जा रही है। नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें स्थापित करने का काम चल रहा है, जबकि चौकाघाट पुल पर मोटिफ स्तंभ लगाए जा रहे हैं। चौकाघाट क्षेत्र में भी सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। इसके अलावा नमो घाट और गया घाट पर पेंटिंग का काम भी जारी है।

बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक रोशनी से निखरेगा मार्ग

बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग स्थापित करने और बिजली के खंभों पर स्ट्रिप लाइट लगाने का काम किया जा रहा है। बाबतपुर से बाबतपुर फ्लाईओवर तक डिवाइडर पर पेंटिंग कराई जा रही है। वहीं, बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों और पुल पर फसाड लाइटिंग लगाने का काम भी चल रहा है।इन व्यवस्थाओं के पूरा होने के बाद एयरपोर्ट से नमो घाट तक का मार्ग रोशनी और रंगों से सजा नजर आएगा। इसका उद्देश्य एयर शो के दौरान शहर आने वाले लोगों को काशी की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ शहर की सुंदरता को और निखारना है।

​पब्लिक एड्रेस सिस्टम से जुड़ेंगे सभी प्रमुख घाट, लाउडस्पीकर के माध्यम से अधिकारी संभालेंगे भीड़ प्रबंधन की कमान

भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर काशी के नमो घाट पर आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एयर शो को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी सजगता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। आयोजन के दौरान आने वाले लाखों नागरिकों, पर्यटकों और वीवीआईपी अतिथियों की सुविधा, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्वयं लगातार क्षेत्रों का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

दर्शकों और पर्यटकों को घाटों पर आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नमो घाट से लेकर सामने घाट तक और घाटों को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों व गलियों में विशेष दिशा-सूचक साइनेज (मार्गदर्शक बोर्ड) लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर घाटों के नाम और तीरों (एरो) के माध्यम से रास्ते प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे बाहरी जनपदों से आने वाले लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के दृष्टिगत गंगा के सभी प्रमुख घाटों को पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम से जोड़ा गया है। इसकी कमान वरिष्ठ अधिकारियों के पास रहेगी, जो माइक और हैंडहेल्ड सिस्टम के माध्यम से भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित व निर्देशित करेंगे। कार्यक्रम स्थल व आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जगह-जगह मोबाइल टॉयलेट, पोर्टेबल टॉयलेट और पर्याप्त संख्या में डस्टबिन स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सीय सेवाओं की भी मुस्तैदी रहेगी। नगर आयुक्त ने सभी सफाई निरीक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि वे अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर घाटों पर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कर सकें।

​बर्ड-हिट रोकने को मांस बिक्री पर प्रतिबंध व आवारा पशुओं पर रोक

एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षा के मद्देनजर पशु कल्याण अधिकारी को पक्षियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। बर्ड-हिट के खतरे को देखते हुए नमो घाट से 20 से 30 किलोमीटर की परिधि में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस कटिंग व बिक्री की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही पूरे शहर तथा घाटों के आसपास आवारा पशुओं के प्रवेश पर सख्त रोक लगाई गई है।

विजयादशमी पर बरेका के सभी गेट दोपहर 2 बजे से बंद, प्रवेश के लिए पास और पहचान पत्र अनिवार्य

विजयादशमी पर समाज को तोड़ने वाली शक्तियों को करें बेनकाब: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button