दुद्धी ने प्रकाश पाली राबर्ट्सगंज को हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश
दुद्धी के आलराउंडर पंकज ओझा बने मैन आफ द मैच।
दुद्धी, सोनभद्र : टीसीडी मैदान पर चल रहे 36वें अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दुद्धी एवं प्रकाश पाली के मध्य अंतिम क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। जिसमें दुद्धी ने रावर्ट्सगंज को 75 रनों के भारी अंतर से पराजित कर,सेमीफाइनल में प्रवेश कर गयी।
आयोजन समिति के सचिव जबीं खान ने बताया कि राबर्ट्सगंज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
20-20 मैच में मेजबान दुद्धी की टीम ने 19.3 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर 183 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसमें पंकज ओझा ने 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 29 गेंदों पर सर्वाधिक 40 रन, अलोक शर्मा ने 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 37 रन, कप्तान रजत राज ने 3 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 27 रन, अंकुर ने 23 रन और राघवेंद्र ने 16 रन बनाए। गेंदबाजी करते हुए रावर्ट्सगंज के गेंदबाज अखिल ने अपने निर्धारित 4 ओवरों के कोटे में 29 रन देकर पांच विकेट, अमित ने 3 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट और बृजभूषण ने 4 ओवर में 39 रन देकर दो विकेट हासिल किया।
दूसरी पाली में बल्लेबाजी के लिए उतरी रावर्ट्सगंज की टीम मात्र 16.4 ओवर में ही अपने सभी विकेट खोकर 108 रन ही बना सकी। जिसमें अखिल ने 2 छक्का व 5 चौके की मदद से 27 गेंदों में सर्वाधिक 38 रन बनाये , कप्तान नफासत ने 5 चौकों की मदद से 19 गेंदों में 23 रन व अमित ने 9,अमन ने 7 रन बनाए। दुद्धी की ओर से गेंदबाजी करते हुए धर्मेंद्र मिश्रा ने 3 ओवरों में 16 रन खर्च कर तीन विकेट लिए, पंकज ओझा ने 2.4 ओवरों में मात्र 7 रन देकर 3 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा और आलोक शर्मा व धीरज को दो-दो विकेट मिला।
इस प्रकार दुद्धी की टीम ने प्रकाश पाली रावर्ट्सगंज को 75 रनों से परास्त कर, सेमीफाइनल में गढ़वा से खेलने की हकदार हो गई। मैच के दिन शानदार प्रदर्शन करने वाले दुद्धी के हरफनमौला खिलाड़ी पंकज ओझा को मैन ऑफ द मैच घोषित कर, प्रकाश पाली हॉस्पिटल के डॉ एचपी सिंह के हाथों पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर नागेंद्र राज और रितेश जायसवाल रहे। कमेंट्री सलीम खान व इरफान खिलाड़ी तथा स्कोरिंग निशांत मोहन ने किया। टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मैच आज दुद्धी और गढ़वा के बीच खेला जाएगा।



