महिला क्रिकेट मैच : एमपी ने यूपी को 40 रनों से हराकर,ट्राफी पर किया कब्जा
एमपी शतकवीर पायल बनी प्लेयर ऑफ द मैच
दुद्धी,सोनभद्र : रन मशीन व बल्ले की बेहतरीन बाजीगर शतकवीर पायल बाल्मिक की शतक की बदौलत मध्य प्रदेश की टीम ने यूपी को 40 रनों के से हरा दिया। मैच का टॉस मध्य प्रदेश के कप्तान हरिप्रिया ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में अपने 4 विकेट खोकर 184 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसमें टीम के प्रमुख आकर्षक सलामी बल्लेबाज पायल बाल्मिक की दर्शनीय स्ट्रोक्स व स्थायित्व भरी बल्लेबाजी के आगे यूपी की गेंदबाजी आक्रमण बिल्कुल निष्प्रभावी नजर आई। पायल ने 18 चौके व एक छक्के की मदद से मात्र 67 गेंद पर 100 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलकर टीम को ठोस आकार प्रदान किया।

इसके अलावा वन डाउन बल्लेबाज जहान्वी ने छह चौकों की मदद से 27 रन व शांति ने छह चौके की मदद से 22 रन और कप्तान हरी प्रिया ने दो चौके की मदद से 14 रन बनाए। यूपी के गेंदबाजों में अर्चना ने 2 व शालिनी ने 1 विकेट हासिल किया। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए यूपी की टीम निर्धारित 20 ओवरों में अपने 7 विकेट खोकर 144 रन पर ही सिमट गई। जिसमें मध्यमक्रम की प्रिया ने चार चौके की मदद से 37 रन, कप्तान शालिनी सिंह ने 5 चौके की मदद से 28 रन व शिवानी ने 5 चौके की मदद से 25 रन बनाए।

मध्यप्रदेश के गेंदबाजों में पायल ने 4 ओवर में 17 रन देकर दो तथा शांति ने भी 4 ओवर में 19 रन देकर दो विकेट हासिल किया। इस प्रकार मध्य प्रदेश की टीम यूपी को 40 रनों से पराजित कर दिया। मध्यप्रदेश के शतकवीर खिलाड़ी को प्लेयर आफ द मैच घोषित कर ग्रासिम इंडस्ट्रीज के विकास माहेश्वरी द्वारा सम्मानित किया गया। मैच के अंपायर राजतराज व अंकुर बच्चन थे। स्कोरिंग राहुल व मैच की कमेंट्री सलीम खान व जितेंद्र जौहरी ने किया। वृहस्पतिवार का मैच दुद्धी की सीनियर टीम और मिर्जापुर के बीच होगा।

महिला क्रिकेट से महिलाओं का खेल के प्रति बढेगा रुझान, आत्मबल होगा ऊंचा – मुख्य अतिथि
दुद्धी,सोनभद्र- महिलाओं के चतुर्दिक विकास के लिए खेल नितांत आवश्यक है।आज के इस महिला क्रिकेट मैच से क्षेत्रीय महिलाओं में आत्मबल की वृद्धि होगी और खेल में प्रतिभाग के लिए प्रेरित करेगा।उक्त बातें मुख्य अतिथि विकास माहेश्वरी ग्रासिम इंडस्ट्रीज रेणुकूट ने कही। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि दुद्धी में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कमेटी को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया
।अन्य अतिथियों में विशिष्ट अतिथि के सी जैन, रविन्द्र जायसवाल, विभूधर पांडेय, प्रमोद मोहंती, एसडीओ वन विभाग रेनुकूट भानेन्द्र सिंह,रामेश्वर राय आदि अतिथियों ने महिला क्रिकेट के आयोजन को सराहा और बधाई दी। समाजसेवी श्रीमती रखी जायसवाल ने महिला क्रिकेट के उत्थान के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। अध्यक्षता कर रहे चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि ने कहा कि इससे लड़कियों में खेल के प्रति जागरूकता आयेगी।
इसके पूर्व खेल का शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर और बल्ला खेलकर किया गया। आभार आयोजन कमेटी के अध्यक्ष सुमित सोनी ने व्यक्त किया। इस मौके पर अयूब खान, इंहारव्हील क्लब अध्यक्ष तारा जायसवाल, राखी जायसवाल, चिंता देवी, कुसुम गुप्ता, आभा जायसवाल, विनीता मसीह, लता, टुन्नू खाँ, संदीप जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य बघाडू जुबेर आलम, चेयरमैन राजकुमार अग्रहरी, सुरेन्द्र अग्रहरी, आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।



