
वाहन चोरी से नाराज व्यापारियों ने कोतवाल का किया घेराव, सौंपा ज्ञापन
कोतवाल ने शीघ्र ही घटना के पर्दाफाश का दिया आश्वासन
दुद्धी,सोनभद्र :तहसील मुख्यालय पर एक आढ़ती के दरवाजे से चोरी गई पिकप वाहन को लेकर उप्र उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ की अगुवाई में नगर के नाराज व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कोतवाल से मुलाकात कर, मामले के खुलासे की मांग की|
इस पर प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय ने नाराज व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है| इसके लिए नियमित गश्त आदि की व्यवस्था की गई है| इसके बावजूद हाईटेक चोरो ने चोरी की घटना को अंजाम देकर जो चुनौती दिया है,उसका शीघ्र ही पर्दाफाश करने का प्रयास जारी है| इसका सुखद परिणाम मिलने की प्रबल संभावना दिख रही है|
बीते गुरूवार व शुक्रवार की मध्य रात्रि दिनेश आढ़ती के आढत पर खड़ी मालवाहक वाहन चोरी होने की घटना को लेकर विभिन्न व्यापारी संगठनों ने बैठक कर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त किया| इसके बाद लामबंद व्यापरियों का एक प्रतिनिधि मंडल अमरनाथ की अगुवाई में शनिवार को रजखड़ कोतवाली पहुंच कोतवाल का घेराव किया और अपनी भावनाओं को व्यक्त किया| उन्हें सौपे गये ज्ञापन में चोरी गये वाहन की तत्काल बरामदगी एवं चोरो की गिरफ्तारी की मांग के साथ ही नगर से कोतवाली हटने के बाद असुरक्षित हुई जनता को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की| कन्हैया लाल अग्रहरि,रविंद्र जायसवाल समेत अन्य व्यापारियों ने अवगत कराया कि नगर के बीचो-बीच दिन-रात पुलिस रहती थी,तो सभी नगरवासी अपने को सुरक्षित महसूस करते थे। किन्तु नगर से पांच किमी दूर कोतवाली चले जाने के कारण लोगों को तमाम छोटी बड़ी समस्याओं से रूबरू होना पड़ रहा है| इस मौके पर पीड़ित व्यापारी दिनेश आढ़ती, पंकज जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता,जसवंत सिंह मौर्य,अजय कुमार,चंद्रशेखर, मंटू राज जायसवाल,गोपाल प्रसाद आदि व्यापारी उपस्थित रहे।



