
- शरद गुप्ता
पीपीगंज,गोरखपुर।नगर पंचायत पीपीगंज थाने के फरार हिस्ट्रीशीटर और सपा नेता भोला यादव की लगभग पांच करोड़ की संपत्ति आज जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश पर कैंपियरगंज तहसील प्रशासन और पीपीगंज पुलिस ने जब्त कर ली। पीपीगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर शातिर अपराधी सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश यादव उर्फ भोला यादव की लगभग पांच करोड़ की संम्पति जिला प्रशासन व पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन के निर्देश पर रविवार को सुबह करीब दस बजे क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज योगेन्द्र सिंह व तहसीलदार राकेश कुमार कनौजिया तथा थानाध्यक्ष पीपीगंज दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पीपीगंज पुलिस ने भारी फोर्स के साथ थाना रोड पर स्थित मकान व भूमि तथा पीपीगंज नगर के वार्ड 6 अब्दुल कलाम नगर में स्थित तीन मंजिला आवास को सील कर जप्त कर लिया गया । वहीं शातिर बदमाश के सहजनवा थाना क्षेत्र के भिटनी गांव में भी प्रशासन द्वारा कार्यवाही की गई ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरार हिस्ट्रीशीटर शातिर बदमाश भोला यादव और उसके भाई पर पुलिस ने इनाम भी घोषित किया था। भोला यादव के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में लगभग 44 अपराधिक मुकदमें दर्ज है। प्रशासनिक कार्यवाही में प्रमुख रूप से क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज योगेन्द्र सिंह,तहसीलदार राकेश कुमार कनौजिया, थानाध्यक्ष पीपीगंज दीपक कुमार सिंह, थानाध्यक्ष कैम्पियरगंज राघवेन्द्र सिंह समेत दर्जनों की संख्या में पुलिस कर्मी इस कार्यवाही में मौजूद थे।
ये था मामला
विगत कुछ महीनो पूर्व पीपीगंज के दो व्यापारी भाईयो अशोक कशौधन और रमेश कशौधन व उनके परिवार को हिस्ट्रीशीटर ने मार पीटकर हाथ पैर तोड़ दिया था। घटना के समय ही मौके पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के पहुंच जाने के कारण मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।



