Sports

टी-20 विश्व कप : जिम्बाब्वे ने किया बड़ा उलटफेर, पाकिस्तान को 1 रन से हराया

पर्थ । जिम्बाब्वे ने गुरुवार को आईसीसी विश्वकप का बड़ा उलटफेर करते हुए पाकिस्तान पर 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। इस सांस रोक देने वाले मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने 20 ओवर में 8 विकेट पर 130 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 129 रन ही बना सकी।

131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 8 ओवर में 36 के स्कोर पर ही मोहम्मद रिजवान (14), कप्तान बाबर आजम (04) और इफ्तिखार अहमद (05) पवेलियन लौट गए। इसके बाद शान मसूद और शादाब खान ने पारी को संभालने की कोशिश की और टीम का स्कोर 88 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर शादाब खान को सिंकदर रजा ने अपना शिकार बनाया। शादाब ने 14 गेंदों पर 1 छक्के की बदौलत 17 रन बनाए। इसके अगले ही गेंद पर रजा ने हैदर अली (00) को पवेलियन भेज कर पाकिस्तान को एक और झटका दिया। 94 के कुल स्कोर पर शान मसूद भी 44 रन बनाकर रजा के तीसरे शिकार बने।

पाकिस्तान को आखिरी ओवर में 11 रन की जरुरत थी और ब्रैड एवेंस ने इस ओवर में 09 रन देकर मोहम्मद नवाज (22) का विकेट लिया। मैच की आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को 3 रन की जरूरत थी, लेकिन शाहिन शाह अफरीदी दूसरा रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए और जिम्बाब्वे ने 1 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।जिम्बाब्वे की तरफ से सिकंदर रजा ने 3, ब्रैड एवेंस ने 2, ब्लेसिंग मुजरबानी और ल्यूक जोंगवे ने 1-1 विकेट लिया।

इससे पहले जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिम्बाब्वे को मेदवेरे और कप्तान क्रेग इर्विन ने अच्छी शुरुआत दिलाई 4.5 ओवर में 42 रन जोड़े। पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर हारिस रऊफ ने इर्विन (19) को चलता कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओर में मोहम्मद वसीम ने मेदवेरे (17) को चलता कर पाकिस्तान को दोहरी सफलता दिलाई। इसके बाद जिम्बाब्वे के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे, हालांकि सीन विलियम्स ने एक छोर से थोड़ा संघर्ष किया और 31 रन बनाए। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 130 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद वसीम ने 4, शादाब खान ने 3 और हारिस रऊफ ने 1 विकेट लिया।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button