दानगंज। युवती की फोटो चोरी से खींच कर सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देने के साथ ही उसके साथ छेड़खानी के आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की शिनाख्त चोलापुर थाना के कोला के पुरा कैथोर निवासी शिवम नाविक के तौर पर हुई है। शिवम नाविक को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी शिवम ने चोरी से उसकी एक आपत्तिजनक फोटो खींच ली थी। उस फोटो को वह सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। पीड़िता से शिवम कहता था कि वह उसे बदनाम कर देगा। इसके साथ ही पीड़िता जब भी अपने घर से बाहर निकलती थी तो शिवम उसके साथ छेड़खानी करके भी परेशान करता था।
शिवम की करतूत से आजिज आकर पीड़िता ने अपनी आपबीती परिजनों को सुनाई। परिजनों ने सोमवार को चोलापुर थाने में तहरीर देकर शिवम नाविक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर दानगंज चौकी प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने कांस्टेबल आशुतोष सिंह के साथ शिवम नाविक की तलाश शुरू की। चोलापुर क्षेत्र के रसड़ा तिराहे पर शिवम नाविक के मौजूद होने की सूचना मिली तो पुलिस टीम ने उसे घेर कर गिरफ्तार कर लिया।



