
अनकापल्ली । आंध्र प्रदेश के अचुटापुरम में बुधवार को फार्मा कंपनी के कारखाने में आग लगने से 17 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए। अनकापल्ली की जिलाधिकारी विजया कृष्णन ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब सवा दो बजे एसेंटिया एडवांस्ड साइंसेस प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट में हुई। विजया कृष्णन ने बताया, फैक्ट्री में दो पालियों में 381 कर्मचारी काम करते हैं। विस्फोट दोपहर को लंचटाइम के वक्त हुआ।
उन्होंने कहा कि संदेह है कि विस्फोट बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ हो। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि अग्निशमन विभाग की छह दमकल गाड़ियां बचाव कार्य में लगी हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि कारखाने में फंसे 13 लोगों को बचा लिया गया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना में हुई लोगों की मौत पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार मृतक श्रमिकों के परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।
आंध्र प्रदेश के फैक्ट्री में हुई दुर्घटना, पीएम ने में मृतकों के प्रति व्यक्त किया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली की एक फैक्ट्री दुर्घटना में लोगों के मारे जाने के प्रति शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने हादसे में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के निकट संबंधी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया;
“अनकापल्ली में एक फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मृत्यु से आहत हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री @narendramodi”(वीएनएस)



