
जौनपुर। उ0प्र0 बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में जौनपुर के चयनित सहायक अध्यापकों को उनके नियुक्ति पत्र के वितरण का कार्य वाराणसी में किया जायेगा। अत: जनपद के चयनित 1605 अभ्यर्थियों को हर दशा में 16 अक्टूबर 2020 को पूर्वान्ह 10.00 बजे वाराणसी पहुँचना है। प्रदेश में 69000 पदों के सापेक्ष 31277 चयनित सहायक अध्यापकों की हो रही इस नियुक्ति प्रक्रिया में सर्वाधिक जौनपुर के अभ्यर्थी हैं।
जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने इसकी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को लिखे पत्र में निर्देशित किया है कि जो अभ्यर्थी स्वयं के साधन से जा सकते हैं, उनसे लिखित ले लिया जाय और वे अपने साधन से जनपद वाराणसी चले जाएं। जो अपने साधन से नहीं जा सकते हैं, उन्हें बसों की व्यवस्था करके भेजा जाना है। अभ्यर्थियों को ले जाने व लाने के लिए बसों और लंच आदि की व्यवस्था सर्व शिक्षा अभियान के बजट से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी करेंगे, जैसा कि अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा अधिकारी के द्वारा निर्देश दिये गये हैं।
इस कार्य के लिए मुख्य विकास अधिकारी,
को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, उन पर शिक्षा विभाग, रोडवेज एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के साथ एक बैठक कर तत्काल रुप-रेखा तथा बस वार चार्ट तैयार करने का दायित्व है। बसों का आकलन करने तथा अभ्यर्थियों को तद्नुसार वाराणसी का कार्यक्रम स्थल सूचित करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। वाराणसी में चयनित अभ्यर्थियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्राप्त किये जायेंगे।
वाराणसी में जिन स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित होना है, वहां की सारी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश शासन की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने वाराणसी समेत 7 मंडलों के आयुक्तों, बेसिक शिक्षा अनुभाग-5 एवं जौनपुर, वाराणसी सहित 14 ज़िलों के जिलाधिकारियों को जारी निर्देशों में कहा है कि मा0 उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उ0प्र0 बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 69000 पदों के सापेक्ष 31277 चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति-पत्र का वितरण 16 अक्टूबर 2020 को होना है।
इस संबंध में अवगत कराना है कि उपरोक्त समस्त नियुक्ति-पत्र वितरण की कार्यवाही निर्वाचन आयोग से अनुमति प्राप्त करके कराई जा रही है। आदर्श आचार संहिता को दृष्टिगत रखते हुए जिन जनपदों में उप चुनाव हो रहें हैं, वहां सफल अभ्यर्थियों को उनके नजदीक के जनपद में नियुक्ति-पत्र वितरण की कार्यवाही किये जाने का निर्णय लिया गया है।
किए गए प्रबंध के अनुसार जौनपुर के 1605 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरण का समारोह वाराणसी में होगा। इसी प्रकार अमरोहा के 379 सफल अभ्यर्थियों को मुरादाबाद, फिरोजाबाद के 379 सफल अभ्यर्थियों को आगरा,कानपुर नगर के 346 सफल अभ्यर्थियों को कानपुर देहात, देवरिया के 293 सफल अभ्यर्थियों को गोरखपुर,बुलन्दशहर के 619 सफल अभ्यर्थियों को गाजियाबाद और उन्नाव के 956 सफल अभ्यर्थियों को लखनऊ में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।


