Crime

बस और टैम्पो के टकराने पर 12 लोगों की मौत

भरतपुर : राजस्थान में भरतपुर संभाग में धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में शनिवार देर रात बस और टैम्पो के टकराने से आठ बच्चों सहित 12 लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार बरौली गांव में भात कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे बाड़ी शहर के गुमट मोहल्ला के रहने वाले इन लोगों का टेम्पों राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 11बी पर सुनीपुर गांव के नजदीक एक बस की चपेट में आ गया।हादसे में कैंपों में सवार 12 लोगो की मौत हो गई । पुलिस ने शवों को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने धौलपुर में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।श्री बागडे ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।श्री शर्मा ने इस हादसे पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि धौलपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित एवं त्वरित चिकित्सीय उपचार सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि धौलपुर में राज्य मार्ग 11बी पर हुए हृदय विदारक सड़क हादसे में कई लोगों की हुई असमय मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस असीम पीड़ा को सहन करने की शक्ति दें।उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।परिवहन मंत्री डा बैरवा ने कहा कि धौलपुर राज्य राजमार्ग 11बी पर हुए भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मृत्यु का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रादेशिक परिवहन अधिकारी भरतपुर घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए गए है तथा एक उच्च स्तरीय समिति का गठन कर जिसमें एडीएम, एडीशनल एसपी एवं आरटीओ सदस्य रहेगें उन्हें इस दुर्घटना के विषय में विस्तृत जांच कराने के भी निर्देश भी दिए गए है।

उन्होंने बताया कि चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य संबंधित समय समय पर जानकारी ली जा रही है एवं उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के भी निर्देश दिए है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।इसी प्रकार श्री गहलोत, श्री मदन राठौड़, श्री डोटासरा , भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा के प्रभारी डा सतीश पूनियां सहित कई नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button