StateUP Live

गोण्डा: श्रद्धालुओं से भरी जीप गिरी नहर में, 11 की मौत 04 घायल

गोण्डा : उत्तर-प्रदेश में गोण्डा जिले के इटियाथोक थानाक्षेत्र के बेलवा बहुला गांव के पास रविवार सुबह सरयू नहर में श्रद्धालुओं से भरी एक जीप के अनियन्त्रित होकर पलट जाने से ग्यारह लोगों की मृत्यु हो गयी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दुःख प्रकट करते हुये मृतकों के परिजनों के लिये पांच-पांच लाख की धनराशि का ऐलान किया और पीड़ित परिवारों की त्वरित सहायता के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं ।इस दुर्घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सुबह से ही बारिश होने के कारण सड़क पर फिसलन थी। उन्‍होंने कहा, ‘‘एसयूवी नहर के बगल में बनी सड़क पर जा रहा था उसी बीच चालक ने ब्रेक लगाया जिससे गाड़ी फिसल करके नहर में जा गिरी। तत्काल पुलिस को फोन करके गांव के लोगों को मौके पर बुलाया और रस्सी के सहारे एसयूवी को बाहर निकाला।’’

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार, रविवार की सुबह मोतीगंज थानाक्षेत्र के सीहागांव के रहने वाले प्रहलाद अपने परिजनों व अन्य संग खरगूपुर क्षेत्र में स्थित बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जीप में सवार होकर जा रहे थे । रास्ते में इटियाथोक थानाक्षेत्र के बेलवा बहुला गांव के पास सरयू नहर में अचानक अनियन्त्रित होकर जीप पलट गयी । घटना में एक ही परिवार के नौ लोगों समेत ग्यारह श्रद्धालुओं की डूबने से मृत्यु हो गयी जबकि चार अन्य को बाहर निकलवाकर अस्पताल उपचार के लिये भेज दिया गया है । वाहन से निकाली गई एक किशोरी ने बताया कि ‘‘ हम सब पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहे थे, वाहन में सवार महिलाएं व लड़कियां भजन गा रही थीं तभी अचानक सब कुछ धुंधला हो गया और फिर कुछ याद नहीं है।’’ उसने कहा कि ये हादसा इतनी जल्दी हुआ कि किसी को कुछ पता नहीं चला।

इस हादसे में मरने वाले श्रद्धालुओं की पहचान मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव के प्रहलाद की पत्‍नी बीना (44), दो बेटियां काजल (22) और महक उर्फ रिंकी (12), प्रह्लाद के भाई राम करण (36) व उनकी पत्नी अनसुइया (34), बेटी सौम्या (9), बेटा शुभ (7), प्रहलाद के सबसे छोटे भाई रामरूप की पत्नी दुर्गेश नंदिनी (35), बेटा अमित (14) शामिल हैं। इसके अलावा प्रहलाद के पड़ोसी राम ललन वर्मा की पत्नी संजू (26) और उनकी बहन गुड़िया उर्फ अंजू (20) की भी मौत हो गई। एसपी ने बताया कि वाहन चालक समेत चार लोगों को बचा लिया गया है और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे में प्रहलाद का बेटा सत्यम, बेटी पिंकी, पड़ोसी राम ललन वर्मा और चालक सीतारमण भी घायल हैं, जिनका स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए।

मुख्‍यमंत्री ने ‘एक्‍स’ पर एक शोक संदेश में कहा, ”गोंडा जिले में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।” योगी ने पोस्ट में कहा, ‘‘इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि ”प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति!” (वार्ता)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ राहत के लिए ‘टीम-11’ का किया गठन

पहलगाम के अपराधियों को ‘मिट्टी में मिलाने’ और दुश्मन के घर में घुसकर खात्मा करने का माद्दा रखता है नया भारतः योगी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button