
भोपाल। कान्दू जन कल्याण समिति नीलबड़ भोपाल द्वारा संत शिरोमणि गणिनाथ जी का 1077वां जन्मोत्सव हर्षोल्लास और भक्ति भाव से मनाया गया। यह भव्य आयोजन संत गणिनाथ मंदिर, बेरखेड़ी परिसर में संपन्न हुआ। मध्यदेशीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि संत गणिनाथ जी का जन्मोत्सव न केवल भारत के 18 राज्यों में बल्कि नेपाल और बांग्लादेश में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से संत गणिनाथ जी की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। बच्चों और युवाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा भजनों की श्रृंखला ने आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया। संत गणिनाथ जी के आदर्शों और उनके जीवन संदेशों को समाज के सामने रखा गया।

समाज के उत्थान पर बोलते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की शिक्षा और चिकित्सा के लिए समिति व महासभा हर संभव सहायता उपलब्ध कराती है। बताया गया कि बेरखेड़ी स्थित संत गणिनाथ मंदिर की स्थापना वर्ष 2022 में की गई थी और तब से यहां निरंतर धार्मिक व सामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
जन्मोत्सव में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रहलाद गुप्ता रहे। इसके अलावा मध्य प्रदेश अध्यक्ष गणेश गुप्ता, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष विजय गुप्ता, प्रदेश युवा महामंत्री बृजेन्द्र गुप्ता, जिलाअध्यक्ष मदन गुप्ता, सचिव प्रदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष वृजेश गुप्ता, सह कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता और किशन गुप्ता समेत सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंगों में सराबोर हो गया।



