
बस्ती ( उत्तर प्रदेश) । उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मुंडेरवा थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक मार्ग दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एनएचएआई की टीम और पुलिस ने रेस्क्यू कर कार में फंसे लोगों को मृत हालत में बाहर निकाला। पुलिस ने दो शवों की शिनाख्त कर ली है जबकि तीन की पहचान नहीं हो पायी है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे।
यह हादसा खझौला पुलिस चौकी के पास हुआ है। जहां एक बेकाबू कार (यूपी 32 एल बी 2894) कंटनेर में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भयावाह था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने इस घटना के संबंध में पुलिस और एनएचएआई कर्मियों को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को मृत हालत में बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों की पहचान संत कबीरनगर जिले के ढूंढ़ही गांव के संजीव कुमार (60) अंकिता (40), और तीन अन्य की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जिन मृतकों की पहचान नहीं हुई है उनमें 14 साल की लड़की, एक किशाेर (17) और 40 वर्षीय महिला है। घटना की जानकारी होने पर कमिश्नर, एसपी, डीएसपी और जिला प्रशासन समेत पुलिस अफसर मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली है।(हि.स.)



