
खुखुन्दू, देवरिया। खुखुन्दू थाना क्षेत्र के बरडीहा चौराहे पर ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। जिससे कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवागमन चालू कराया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
बिहार राज्य के सिवान जिला के असाव थानाक्षेत्र के पिपरहियां गांव निवासी दिनेश सिंह की सात संतानों में सबसे छोटा लड़का आकाश कुमार सिंह (18) था। परिजनों के मुताबिक घटना के एक दिन पूर्व ही आकाश गुजरात से घर आया था। बुधवार को वह बभनी एक रिश्तेदारी में आया था। यहां से भटनी क्षेत्र के खिरिया गांव अपनी बहन ऊषा के घर जा रहा था।
आकाश बाइक लेकर अभी नूनखार- भटनी मार्ग पर बरडीहा चौराहे के पास ही पहुंचा था कि सामने से तेज गति से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद काफी देर तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। थानाध्यक्ष नवीन चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने में लाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमे की कार्रवाई की गई हैं।