
प्रचंड बहुमत के लिये जनता का धन्यवाद: योगी आदित्यनाथ
लखनऊ : विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ इतिहास रचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता-जनार्दन का अभिनन्दन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की जनता ने परिवारवाद, जातिवाद और वंशवाद को तिलांजलि देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोककल्याणकारी नीतियों पर भरोसा जताया है। यह प्रचंड बहुमत भाजपा के राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के मॉडल को उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का आशीर्वाद है। इस आशीर्वाद को स्वीकार करते हुए हम लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास को आगे बढ़ाएंगे।
पार्टी के राज्य मुख्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर खुशी भी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार राज्यों में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है। इन चार राज्यों में प्रधानमंत्री के विकास और सुशासन को जनता ने फिर से आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि जब मोदी जैसा नेता होता है तो ऐसा प्रचंड बहुमत हासिल होता है। हमारा सौभाग्य है कि हमें दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। सीएम ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश एक बार फिर नंबर वन बनेगा। अबीर-गुलाल उड़ा रहे उत्साह से लबरेज कार्यकर्ताओं की मेहनत की भी सीएम ने सराहना की।
जय श्रीराम, वंदेमातरम और भारत माता की जय के जोशीले नारों के बीच सीएम ने कहा कि इस प्रचंड जीत ने हम सबको बड़ी जिम्मेदारी दी है। हमें जोश के साथ होश भी बनाये रखना होगा। जन मानस की अपेक्षाओं के अनुरूप खुद को साबित करना होगा। उन्होंने प्रचंड जीत के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का अभिनन्दन भी किया।सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। उत्तर प्रदेश पर विशेष रूप से पूरे देश और दुनिया की निगाहें थी। पहली बार 07 चरणों में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुए।
मतगणना के बारे में जो भ्रामक प्रचार पिछले दो-तीन दिनों से चलाए जा रहे थे। उत्तर प्रदेश की जनता की ताकत ने उस भ्रामक प्रचार को झुठलाते हुए भाजपा को विजयी बनाया है। सीएम ने कहा कि कोरोना काल में भी प्रधानमंत्री जी का बिना रुके और बिना थके मार्गदर्शन मिलता रहा। 15 करोड़ लोगों को कोरोना काल में घर तक राशन भेजा गया। 45 लाख गरीबों के घर बनाये गए, 1.45 करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई, 10 करोड़ लोगों को 05 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की गारंटी मिली है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब हम कोरोना और भ्रष्टाचार से लड़ रहे थे तो कुछ लोग भाजपा के खिलाफ साजिश रचने का कार्य कर रहे थे। आज जनता ने जनादेश से सभी को सबक सिखा दिया है। सबकी बोलती बंद कर दी है।
उत्तर प्रदेश जीत गया है… pic.twitter.com/B4wizZctI4
— Swatantra Dev Singh (मोदी का परिवार) (@swatantrabjp) March 10, 2022
योगी ने आगे कहा कि हमें दुनिया के लोकप्रिय नेता और हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ना है। इस दौरान उन्होंने शांति पूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिये चुनाव आयोग का भी धन्यवाद किया। गोरखपुर से लेकर लखनऊ तक कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। गोरखपुर मंडल के महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया जिलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
दिखी योगी की शक्ति
विधानसभा चुनाव परिणामों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ताकत दिखने लगी है। गोरखपुर मंडल में इनका प्रभाव काफी असरदार रहा। गोरखपुर शहर से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ न सिर्फ अपनी सीट पर रिकॉर्ड मत से जीते, बल्कि गोरखपुर मंडल के चारों जिलों की सभी सीटों को प्रभावित किया।
शहर में जश्न का माहौल
गोरखपुर में लोगों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। जिला भाजपा कार्यालय, मतगणना स्थल गोरखपुर विश्वविद्यालय व गोरखनाथ मंदिर सहित शहर के अन्य स्थानों पर लोगों ने ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह विकास की जीत है। सबका साथ सबका विकास की जीत है।
गोरखनाथ मंदिर में समर्थकों ने खेली फूलों की होली
गोरखनाथ मंदिर में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक नारे लगा रहे हैं और फूलों व गुलाल की होली खेली जा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
https://twitter.com/BJP4UP/status/1501911965761175557
विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में उत्सव का माहौल#BJPWinningUP#BJPAgain https://t.co/t8LiyA0lVJ
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) March 10, 2022