PoliticsState

कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने मोदी पहुंचे जंबूरी मैदान, खुले वाहन में हुए सवार

भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने के लिए जंबूरी मैदान पहुंचे। इस दौरान श्री मोदी कार्यक्रम स्थल पर सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच खुले वाहन में सवार होकर निकले और उनका अभिवादन स्वीकार किया।श्री मोदी इसके पहले सुबह लगभग दस बजकर पचास मिनट पर विशेष विमान से यहां विमानतल पर पहुंचे। यहां पर उनकी भव्य अगवानी की गयी। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर में सवार होकर जंबूरी मैदान रवाना हुए। जंबूरी मैदान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे हेलीपेड से विशेष वाहन में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

श्री मोदी इसी दौरान विशेष रूप से तैयार किए गए खुले वाहन में सवार हुए। इसी वाहन में सवार होकर वे हजारों कार्यकर्ताओं के समीप से निकलने वाले मार्ग से गुजरे और कार्यक्रम स्थल के मंच तक पहुंचे। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूरे प्रदेश से लाखों कार्यकर्ता यहां पहुंचे हैं। मंच पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अलावा केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े पार्टी नेता भी मौजूद रहे।राज्य में आगामी नवंबर दिसंबर माह में सभी 230 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसके मद्देनजर श्री मोदी के हाल में राज्य के अनेक दौरे हुए हैं। पिछले छह माह में श्री मोदी ने लगभग सात बार इस राज्य के विभिन्न हिस्सों की यात्रा की है। इसके अलावा भाजपा ने हाल ही में जन आशीर्वाद यात्रा भी निकाली हैं, जिनका आज यहां पर औपचारिक समापन भी होना है।

ये यात्राएं विभिन्न नेताओं के नेतृत्व में लगभग सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंची हैं।वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी राज्य में सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगा रही है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस भी इन दिनों राज्य में जन आक्रोश यात्राएं निकाल रही है। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button