
काशी के आसमान में दिखेगा सैन्य पराक्रम, लाखों दर्शकों की सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन ने कसी कमर
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय सेना और वायुसेना के शौर्य प्रदर्शन को देखने 15 से 20 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। आयोजन की सुरक्षा के लिए महाकुंभ की तर्ज पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों को काशी की गलियों, सड़कों और घाटों की जानकारी दी जाएगी। ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं, ग्रीन कॉरिडोर और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
वाराणसी : भारतीय सेना और वायुसेना के शौर्य, साहस और सामरिक क्षमता का प्रदर्शन करने वाले एयर शो को लेकर धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में तैयारियां तेज हो गई हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित इस आयोजन में 15 से 20 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थागत तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए महाकुंभ की तर्ज पर सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं और पुलिसकर्मियों के विशेष प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है।एयर शो में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों समेत कई गणमान्य हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस और प्रशासन शहर के प्रमुख मार्गों, घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी कर रहे हैं।
काशी की भौगोलिक स्थिति से परिचित होंगे बाहर से आने वाले पुलिसकर्मी
पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने बताया कि एयर शो की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों को ड्यूटी स्थल की जिम्मेदारी सौंपने के साथ शहर की भौगोलिक स्थिति और बनावट से भी परिचित कराया जाएगा। इसके लिए उन्हें काशी की गलियों, सड़कों, घाटों और विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी दी जाएगी, ताकि ड्यूटी के दौरान रास्तों की पहचान और आवागमन में आसानी हो।बाहर से आने वाले पुलिस बल को स्थानीय परिस्थितियों से परिचित कराने की योजना है। जवानों को प्रमुख मार्गों, घाटों, संकरी गलियों और महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी दी जाएगी। इससे भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को बेहतर बनाने के साथ आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
सुरक्षा के साथ यातायात और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष जोर
एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। इसके तहत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, निर्धारित पार्किंग स्थल और आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही, आयोजन स्थल और शहर के प्रमुख क्षेत्रों में अस्थायी पुलिस थानों एवं चौकियों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने की तैयारी है, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई को भी तैयारियों का अहम हिस्सा बनाया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य बड़ी संख्या में आने वाले दर्शकों की आवाजाही को सुगम बनाना और आयोजन के दौरान आमजन की सुविधा सुनिश्चित करना है।
महाकुंभ की तर्ज पर सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारी
काशी में पहली बार आयोजित होने जा रहे इस एयर शो को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थापन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महाकुंभ की तर्ज पर व्यापक तैयारियों के तहत पुलिसकर्मियों को स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी देने, यातायात व्यवस्थित रखने और आपातकालीन सेवाओं को तैयार रखने पर जोर है। भारतीय सेना और वायुसेना के शौर्य से रूबरू कराने वाले इस आयोजन में सुरक्षा, अनुशासन और बेहतर प्रबंधन की अहम भूमिका रहेगी।
महाष्टमी पर शक्ति की आराधना में लीन हुए योगी आदित्यनाथ, गोरखनाथ मंदिर में दो घंटे चला महानिशा पूजन
मां विंध्यवासिनी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, विंध्य त्रिकोण में पहुंचे 1.84 करोड़ श्रद्धालु



