
भलुअनी में महिला आयोग सदस्य गीता विश्वकर्मा ने कराया अन्नप्राशन
देवरिया के भलुअनी स्थित प्राथमिक विद्यालय चकरा भार्गव में आयोजित कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग सदस्य गीता विश्वकर्मा ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, पोषणयुक्त आहार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की उपस्थिति में महिला भूमिका को समाज विकास का आधार बताया गया।
- प्राथमिक विद्यालय चकरा भार्गव में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों से संवाद, महिलाओं की भागीदारी को बताया समाज विकास की कुंजी
भलुअनी, देवरिया : स्थानीय नगर पंचायत भलुअनी के वार्ड संख्या 8 गोविन्द बल्लभ पंत नगर (चकरा भार्गव) स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र के लाभार्थियों, अभिभावकों एवं गर्भवती महिलाओं से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने माताओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक तत्वों से भरपूर शाक-सब्जियों के अधिकाधिक उपयोग की सलाह देते हुए बच्चों के संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

अपने संबोधन में गीता विश्वकर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है तथा महिला उत्पीड़न से संबंधित विभिन्न सख्त कानून बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान से ही समाज का समग्र विकास संभव है और आज हर क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज की प्रगति अधूरी है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़कर अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सीडीपीओ आद्या पांडेय, वर्षा साहनी, श्रेया सोनल, सभासद मनोज तिवारी, प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश कुशवाहा, द्वारिका मद्धेशिया, विनोद मद्धेशिया, नथुनी मद्धेशिया, अभिषेक पांडेय, दीपिका तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन दुर्गेश कान्दू द्वारा किया गया।
होली से पहले दुरूस्त होंगे स्ट्रीट लाइट,त्योहार के बाद शुरू होगा नाला सफाई का महाअभियान
भलुअनी में पूर्व मंत्री स्व. दुर्गा प्रसाद मिश्र की 12वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित



