UP Live

जाम से मिलेगी मुक्ति? भटनी में यातायात व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला

देवरिया जनपद के भटनी नगर को आदर्श नगर बनाने की दिशा में नगर पंचायत ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। 09 जनवरी को आयोजित बैठक में अतिक्रमण हटाने, रामलीला मैदान को सुरक्षित रखने, यातायात व्यवस्था सुधारने और स्वच्छता नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्णय लिए गए। निर्धारित समय पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक, पटरी दुकानदारों के लिए स्थान निर्धारण और गंदगी फैलाने पर जुर्माने से नगरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

  • सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चार पहिया और बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा

भटनी (देवरिया)। नगर को स्वच्छ, सुंदर और जाममुक्त बनाने की दिशा में भटनी नगर पंचायत ने एक सराहनीय और ऐतिहासिक पहल की है। नगर पंचायत कार्यालय में 09 जनवरी को आयोजित बैठक में नगर के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण नियंत्रण, यातायात सुधार और स्वच्छता सुदृढ़ीकरण को लेकर कई ठोस और दूरगामी निर्णय लिए, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

रामलीला मैदान रहेगा पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त

नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रामलीला मैदान भटनी नगर की अमूल्य सार्वजनिक संपत्ति है। इसे किसी भी प्रकार के स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त रखा जाएगा। प्रशासन के इस फैसले से नगरवासियों में संतोष है, क्योंकि यह मैदान न केवल सांस्कृतिक आयोजनों बल्कि खेल और सामुदायिक गतिविधियों के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। अब यहां अवैध कब्जे या अस्थायी निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव, जाम से मिलेगी राहत

नगर में बढ़ती भीड़ और बार-बार लगने वाले जाम को देखते हुए यातायात मार्गों का पुनर्निर्धारण किया गया है। नए प्रावधानों के अनुसार- –

  • रामलीला मैदान से 116 नंबर रेलवे गेट की ओर जाने वाले वाहन गांधी चौक, चूड़ी गली और विकास चौक होकर संचालित होंगे।
  • रेलवे ढाले से नदी की ओर जाने वाले वाहन विकास चौक, मेन रोड और गांधी चौक से गुजरेंगे।
  • मेन रोड और विकास रोड पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चार पहिया और बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इन व्यवस्थाओं से पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और छोटे वाहनों को सुगम आवागमन मिलेगा तथा बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।

व्यवसाय सुरक्षित, व्यवस्था भी मजबूत

नगर पंचायत ने स्पष्ट किया कि पटरी दुकानदारों और ठेला व्यवसायियों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं, ताकि उनका रोजगार सुरक्षित रहे और यातायात व्यवस्था बाधित न हो। निर्धारित सीमा के बाहर दुकान या ठेला लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम संतुलन बनाते हुए आजीविका और व्यवस्था-दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

स्वच्छता पर सख्ती, नियमों का होगा पालन

स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर पंचायत ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है। इनमें-

  • सड़कों पर कूड़ा फेंकना,
  • नालियों पर अतिक्रमण करना,
  • घरों का गंदा पानी सड़क पर बहाना,

सार्वजनिक स्थानों पर मवेशी बांधना- जैसी गतिविधियां शामिल हैं। प्रशासन ने दो टूक कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नागरिकों से सहयोग की अपील

नगर पंचायत प्रशासन ने व्यापारियों, बैंक प्रबंधन, विद्यालयों और आम नागरिकों से नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का विश्वास है कि जनसहयोग से भटनी बाजार को आदर्श, सुव्यवस्थित और स्वच्छ नगर के रूप में विकसित किया जा सकता है। इन निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से आने वाले दिनों में भटनी नगर में बेहतर यातायात, स्वच्छ वातावरण और सुव्यवस्थित बाजार की तस्वीर देखने को मिलेगी।

भलुअनी में गौशाला प्रस्ताव पर ग्रामीणों का विरोध, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रशासन सख्त

षटतिला एकादशी : मकर संक्रांति के महासंयोग में तिल, व्रत और दान का वैज्ञानिक व धार्मिक महत्व

डीडी न्यूज़ पर शुरू हुआ ‘क्रिएटर्स कॉर्नर’, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

 

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button