जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित घने बाग और छोटे-छोटे जंगलों के अस्तित्व खोने से उनमें पलने वाले जानवरों की घुसपैठ आबादी में बढ़ती जा रही है इस घुसपैठ का खामियाजा भी इंसान को ही भोगना पड़ रहा है ताजा मामला खेतासराय के पुरानी बाजार का है , जहां रविवार को जंगली बिल्ली के हमले में तीन महीने के बच्चे की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिवार ने मृत बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।
खबर मिली है कि खेतासराय कस्बे के पुरानी बाजार स्थित गोला बाजार मोड़ निवासी पेशे से सराफा कारोबारी राम जियावन सोनी अपनी दुकान पर गए थे। घर पर उनकी पत्नी और परिवार की अन्य महिलाएं थीं। राम जियावन की पत्नी अपनी इकलौती संतान तीन माह के पुत्र को दूध पिलाने के बाद बिस्तर पर सुलाकर मोबाइल फोन पर बात करने लगी। इसी दौरान कहीं से आई जंगली बिल्ली घर में घुस गई। उसने नोच कर बच्चे को बुरी तरह से घायल कर दिया। स्वजनों की नजर खून से लथपथ बच्चे पर पड़ी। उनके शोर मचाने पर बिल्ली भाग गई। घटना की जानकारी होने पर गृहस्वामी भी दुकान से घर आ गए। बच्चे को तुरंत निकट के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया वंशं। डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही घर में कोहराम मच गया।



