
जब हौसले उतरेंगे मैदान में: बीएचयू में शुरू होगी “दिव्यशक्ति सुगम्य भारत ट्रॉफी”
वाराणसी में दिव्यांग खिलाड़ियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत “दिव्यशक्ति सुगम्य भारत ट्रॉफी” का आयोजन 20 से 22 दिसंबर 2025 तक बीएचयू में होगा। उत्तर प्रदेश सहित छह राज्यों के करीब 100 दिव्यांग खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे। टूर्नामेंट से भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवसर खुलेंगे।
- 20–22 दिसंबर 2025 को बीएचयू में छह राज्यों के 100 दिव्यांग खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दमखम
वाराणसी : उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान एवं विदर्भ – इन छह राज्यों के सेंट्रल जोन की दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता “दिव्यशक्ति सुगम्य भारत ट्रॉफी” का भव्य आयोजन 20, 21 एवं 22 दिसंबर 2025 को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का भव्य अनावरण सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी के नेतृत्व में भेलुपुर स्थित एक कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी,अशोक चौरसिया (महामंत्री, भाजपा काशी क्षेत्र), रवि चौहान एवं अभय प्रताप (बीसीसीआई से संबद्ध डिफरेंटली एबल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया), डॉ. संजय चौरसिया (महासचिव, ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन) तथा डॉ. उत्तम ओझा (अध्यक्ष, ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन) ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी का अनावरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने कहा कि “दिव्यांगजनों को सशक्त किए बिना विकसित भारत की परिकल्पना संभव नहीं है। इस प्रकार के आयोजन से निश्चित रुप से दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है वहीं श्री अशोक चौरसिया ने कहा कि “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन से काशी दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरी है।”
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता डिफरेंटली एबल क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (जो कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड – बीसीसीआई की मान्यता प्राप्त इकाई है) के सौजन्य से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में छह राज्यों के लगभग 100 दिव्यांग खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। तीन दिवसीय इस टूर्नामेंट में फाइनल सहित कुल 7 टी-20 मैच खेले जाएंगे।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि “टी-20 मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य में आयोजित होने वाले दिव्यांग क्रिकेट एशिया कप में खेलने का अवसर प्रदान किया जाएगा।” इस अवसर पर डॉ. मनोज तिवारी, प्रदीप राजभर, सुबोध राय, प्रदीप सोनी,शैलेन्द्र मिश्रा सहित कई दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लेखपाल भर्ती में हर हाल में आरक्षण प्रावधानों का अक्षरश: पालन होगा: मुख्यमंत्री
लखनऊ से उठेगी उद्यमिता की लहर: 1 करोड़ युवाओं तक पहुंचेगी ‘Invincible Bharat 5.0’ यात्रा



