
बिल्थरारोड में कोरोना मरीज मिलने के बाद जगा प्रशासन
एसडीएम संग प्रशासन ने बिल्थरारोड में कंटेनमेंट जोन बना इलाका किया सील ,बिना मास्क वालों की अब खैर नहीं, सेनेटाइजर बगैर दुकान संचालन पर लगाया रोक
विजय बक्सरी
बलियाः कोविड-19 पाॅजिटीव मरीज की संख्या बलिया में बढ़ने के अगले दिन बिल्थरारोड में भी कोरोना की मरीज मिल ही गई। पड़ोसी जनपद देवरिया के भागलपुर स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम पद पर तैनात महिला बिल्थरारोड के रेलवे स्टेशन के समीप वार्ड संख्या पांच की निवासी है और अपने पति संग हर दिन भागलपुर ड्यूटी करने जाती थी। जिसे देवरिया प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य निगरानी में रखा गया है। इधर जानकारी मिलते ही बिल्थरारोड प्रशासन हरकत में आ गया और जानलेवा बीमारी कोरोना को लेकर नगर में बढ़ी बेपरवाही पर एसडीएम अशोक चैधरी व तहसीलदार जितेंद्र सिंह ने सख्त नाराजगी जताई। अधिकारी द्वय ने सोमवार को नगर के प्रभावित इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। जिसे नगरपंचायत ईओ ब्रजेश गुप्ता के देखरेख में सेनेटराइज्ड कराने के बाद बांस-बल्ली व रस्सी से सील कर दिया गया। प्रशासन ने इन इलाकों में किसी भी तरह की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दिया है। एसडीएम अशोक चैधरी ने बताया कि उक्त वार्ड निवासी संदीप वर्मा की पत्नी भागलपुर स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम पद पर तैनात है। जिसकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पाॅजिटीव आई है। महिला बिल्थरारोड की निवासी है और अपने पति के साथ हर दिन बाइक से आती-जाती थी। महिला के साथ ही रोडवेज दलित बस्ती से भी एक अन्य महिला स्टाफ अक्सर जाती थी, वह भी संदिग्ध है। जिसकी जांच कराई जायेगी। बिल्थरारोड की महिला के कोरोना मरीज मिलने के बाद सोमवार को एसडीएम अशोक चैधरी, तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह, नगरपंचायत ईओ ब्रजेश गुप्ता व चैकी इंचार्ज देवेंद्र दुबे संग बड़ी संख्या में पुलिस बल ने नगर में भ्रमण किया और लोगों को मास्क, शारीरिक दूरी व सेनेटाइजर आदि को लेकर जागरुक किया। साथ ही लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संदेश भी दिए। एसडीएम अशोक चैधरी व तहसीलदार जितेंद्र सिंह ने कोरोना पाॅजिटीव मिली वार्ड नं. पांच निवासी महिला के घर के आसपास रेलवे स्टेशन के मुख्य मार्ग का प्रभावित इलाका, वर्मन ज्वेलर्स मोहन सिंह वर्मा व सभासद अंचल वर्मा के घर के आसपास के इलाका समेत संबंधित गली के सौ मीटर के इलाके को कंटेंमेंट जोन घोषित करते हुए पूरे क्षेत्र को रस्सी व बांस-बल्ली से बैरिकेटिंग कर सील कर दिया। एसडीएम श्री चैधरी ने बताया कि बंद किए गए इलाके में किसी तरह की दुकानों को 14 दिन तक नहीं खोला जायेगा और इन इलाकों के घरों में अनावश्यक आवाजाही नहीं होगी। हर व्यक्ति को शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मास्क लगाना अनिवार्य है। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। ईओ ब्रजेश गुप्ता ने घोषित कंटेंमेंट जोन के इलाकों को पूरी तरह से सेनेटराइज्ड कराया गया। इस दौरान चैकी इंचार्ज देवेंद्र दुबे, सभासद पिक्की वर्मा, राममनोहर गांधी आदि नपं कर्मचारी मौजूद रहे।




