Crime

आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करते समय प्रतिरोध पर ग्रामीण को गोली मारी

सतर्क प्रशासन ने रात में ही दूसरी प्रतिमा स्थापित करवाया, फोर्स तैनात

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावां कुड़वां बाजार में शुक्रवार की देर रात अराजक तत्वों ने बाबा साहब डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। प्रतिरोध करने पर एक ग्रामीण को गोली मार दी, जबकि दूसरे को तमंचे की मुठिया से प्रहार कर घायल कर दिया और वाहनों से भाग गए। घटना से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। रातों रात प्रशासन ने दूसरी प्रतिमा स्थापित कराकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरो व बाइक से रात करीब 11 बजे कुड़वा चौराहे पर पहुंचे अराजक तत्व वहां स्थापित आंबेडकर प्रतिमा तोड़ने लगे। आहट लगने पर सुजीत (21 वर्ष) एवं मुलायम (22 वर्ष) पहुंचे लेकिन तब तक वे मूर्ति का हाथ तोड़ चुके थे। विरोध करने पर अराजक तत्वों ने मुलायम के हाथ में गोली मार दी और तमंचे की मुठिया से प्रहार कर सुजीत का सिर फोड़ दिया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर ललकारते हुए ग्रामीण दौड़े तो अराजक तत्व हवाई फायरिंग करते हुए वाहनों पर सवार होकर भाग गए। पुलिस को सूचना देकर ग्रामीणों ने घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। मूर्ति क्षतिग्रस्त किए जाने से बस्ती के लोग आक्रोशित हो गए। जानकारी होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।

कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार मिश्र और लाइन बाजार के थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र यादव मय फोर्स मौैके पर पहुंच गए। रात में ही दूसरी मूर्ति मंगाकर स्थापित करा दी गई। शनिवार को एएसपी सिटी डाॅ. संजय कुमार और सीओ सिटी जितेंद्र कुमार ने भी बड़ी संख्या में पुलिस जवानों के साथ आकर ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। गांव में स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए फोर्स तैनात की गई है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button