बरेका में सतर्कता बुलेटिन “प्रबोध” का विमोचन, उत्कृष्ट रचनाकार सम्मानित
बरेका में आयोजित प्रमुख अधिकारी बैठक में सतर्कता बुलेटिन “प्रबोध” का विमोचन किया गया। महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने उत्कृष्ट रचनाओं के लिए डॉ. देवेश कुमार और श्री अंकुर रामपाल को सम्मानित किया। बुलेटिन में सतर्कता अभियान, प्रणाली सुधार और चयनित लेख शामिल हैं, जिसका उद्देश्य रेलकर्मियों में जागरूकता बढ़ाना है।
- महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने किया लोकार्पण; सतर्कता जागरूकता अभियान और प्रणाली सुधारों का संकलन
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आज आयोजित प्रमुख अधिकारी बैठक (पी.ओ.एम.) के दौरान सतर्कता बुलेटिन “प्रबोध” का औपचारिक विमोचन महाप्रबंधक सोमेश कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं प्रमुख/मुख्य विभागाध्यक्षों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह बुलेटिन सतर्कता जागरूकता अभियान के दौरान प्राप्त उत्कृष्ट रचनाओं और प्रणाली सुधारों का संकलन है, जिसका उद्देश्य रेल कर्मियों में सतर्कता तथा पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर बुलेटिन में प्रकाशित श्रेष्ठ लेख/रचनाओं के लिए महाप्रबंधक ने प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार तथा वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी एवं उप सचिव (महाप्रबंधक) अंकुर रामपाल को सम्मानित किया। दोनों अधिकारियों की रचनाओं को इस वर्ष की सर्वोत्तम प्रविष्टियों में स्थान मिला है।
गौरतलब है कि केन्द्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों और महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में 18 अगस्त 2025 से 17 नवम्बर 2025 तक “सतर्कता जागरूकता अभियान” एवं 27 अक्टूबर 2025 से 02 नवम्बर 2025 तक “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” का आयोजन किया गया। इस वर्ष आयोग द्वारा अभियान का मुख्य विषय “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी” निर्धारित किया गया था।
अभियान के दौरान बरेका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रचनाएं, कविताएं और लेख आमंत्रित किए गए थे, जिनमें से सर्वोत्तम चयनित सामग्री को “प्रबोध” में प्रकाशित किया गया है। साथ ही, कार्यप्रणाली की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए सतर्कता विभाग द्वारा किए गए “प्रणाली सुधारों” को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है।
बुलेटिन “प्रबोध” का उद्देश्य न केवल रेल कर्मियों को सतर्कता एवं नैतिक आचरण के प्रति जागरूक करना है, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन और कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। सतर्कता विभाग का मानना है कि इस प्रकार की पहलें संगठन में पारदर्शी एवं सक्षम कार्यसंस्कृति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
दुनिया के समक्ष रखे गए सभी लक्ष्यों में शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण: योगी आदित्यनाथ
लड्डू गोपाल की वैजयंती माला : भक्ति, प्रेम और विजय की दिव्य कथा



