UP Live

विश्व महिला दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित,दर्जनों महिलाएं हुई सम्मानित

महिला सशक्तिकरण के लिए किया गया जागरूक

दुद्धी – विश्व महिला दिवस पर तहसील,कोतवाली एवं टाउन क्लब मैदान में महिलाओं के सम्मान में विविध कार्यक्रम आयोजित किये गये।तहसील प्रांगण में उपजिलाधिकारी रमेश कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली दर्जनों महिलाओं को गुलदस्ता एवं प्रमाणपत्र भेंट कर सम्मान किया गया।श्री कुमार ने देश व समाज के उत्थान में महिलाओं के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला और महिलाओं के सम्मान एवं अधिकार के प्रति सबको सजग किया। कोतवाली में आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव सिंह ने कहा कि समाज को सही दिशा व दशा देने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।आज सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए तमाम योजनाएं चला रही है।जरूरत है उसे मूर्त रूप देने की।

पुलिस उपाधीक्षक राम आशीष यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तमाम नियम कानून बनाये गये हैं।पुरूष प्रधान इस समाज में महिलाओं के हक व अधिकार के लिए सशक्तिकरण का अभियान चलाया जा रहा है।इसके लिये लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। दुद्धी कोतवाल पंकज सिंह ने कहा कि समाज में फैली तमाम कुरीतियों का सफाया करने में महिलाओं का अहम योगदान रहा है। पिंकथान दुद्धी की एम्बेसडर संगीता वर्मा ने कहा कि आज भी समाज में लड़के-लड़कियों के बीच भेद किया जा रहा है।महिलाओं के साथ बाहर कम, घर में हिंसा ज्यादा बढ़ी है।पुरूष प्रधान इस समाज में हमें महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिये जागरूकता लाने की जरूरत है।

सह एम्बेसडर बन्दना कुशवाहा ने कहा कि आज महिला की दुश्मन महिला ही है।हमें बेटा चाहिए, बेटी नही,ऐसी सोंच को दफन किये बिना हम महिला सशक्तिकरण की बात नही कर सकते।अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज में जुआ एवं शराब जैसी बुराई से लड़कर, समाज को सही दिशा देने में महिलाएं आगे रही हैं। बाल विवाह, सती प्रथा,अशिक्षा जैसी तमाम कुप्रथाओं के खिलाफ राजा राममोहन राय,सावित्रीबाई फुले आदि महापुरुषों के योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। खासकर उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार द्वारा बनाये गए तमाम नियम कानून को विस्तार से बताया।डायल 1090, 181, 1098, 100, 101,102,108 आदि की विधिवत जानकारी दी और किसी विकट परिस्थितियों में इन नम्बरों का उपयोग कर सहायता लेने की अपील की।

इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली सुश्री सुभा प्रेम,डॉ रीता राय,वर्षा रानी जायसवाल, सीमा, विद्यावती देवी, नीलम देवी,नजरानी देवी,काजल मौर्या, प्रतिभा पांडेय, लेखपाल अंजना कुमारी, अनीता गुप्ता, रेशमा सिंह, रूबी गुप्ता, सरिता,कौशर जहां,मिसेज बनारस ऋतू सोनी सहित कई अन्य महिलाओं को सम्मान पत्र एवं डायरी कलम भेंटकर एसडीएम ने सम्मानित किया। प्रातःकाल में टाउन क्लब मैदान पर पिंकथान की ओर से महिलाओं की फिटनेस के लिए योगा-व्यायाम कराकर, तमाम जिम्मेदारियों के बीच फिट रहने के गुर सिखाये गये। इस मौके पर दिव्या वर्मा,सुनीता गुप्ता, विनीता मसीह,शिखा सिंह,पूजा,शीला,आस्था अग्रहरि, काव्या कुशवाहा, शीला मिश्रा आदि मौजूद रहीं।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button