Business

10 से 12 फरवरी तक उत्तर प्रदेश आयोजित करेगा “ग्लोबल इनवेस्टर समिट

पार्टनर कंट्री बनने के लिए सिंगापुर, फ्रांस, यूके और मॉरीशस से आए प्रस्ताव, एक दर्जन देश और बन सकते हैं पार्टनर कंट्री.ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले डेढ़ दर्जन देशों में आयोजित होंगे रोड शो .

  • उत्तर प्रदेश की आकांक्षाओं को उड़ान देने वाला होगा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023: मुख्यमंत्री
  • 10 लाख करोड़ के औद्योगिक निवेश के लक्ष्य के साथ वैश्विक होगा जीआईएस-2023: मुख्यमंत्री
  • मुख्यमंत्री ने तय किया ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का रोडमैप, कहा ऐतिहासिक होगा जीआईएस-23

लखनऊ । उत्तप प्रदेश की योगी सरकार अगले साल 10 से 12 फरवरी के बीच ग्लोबल इनवेस्टर समिट-2023 (जीआईएस-23) का आयोजन करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का रोडमैप तय कर दिया है। उन्होंने कहा है कि जीआईएस-23 ऐतिहासिक होगा।मुख्यमंत्री योगी ने गुरुवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में फरवरी 2023 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन के तैयारियों की समीक्षा की। समिट आयोजन के रोडमैप के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की आकांक्षाओं को उड़ान देने वाली होगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए उत्तर प्रदेश देश में औद्योगिक निवेश के ड्रीम डेस्टिनेशन के रूप में उभर कर आया है। उत्तर प्रदेश, देश की 06वीं अर्थव्यवस्था से दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।उन्होंने कहा कि आगामी 10, 11 और 12 फरवरी 2023 को उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन करने जा रहा है। इस बार हमें 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश के लक्ष्य के साथ काम करना होगा। यह तीन दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट अभूतपूर्व होगा, ऐतिहासिक होगा और नए उत्तर प्रदेश की आकांक्षाओं को उड़ान देने वाला होगा।

योगी ने कहा कि यह सुखद है कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में पार्टनर कंट्री के रूप में अपनी सहभागिता के लिए सिंगापुर, फ्रांस, यूके और मॉरीशस ने स्वतःस्फूर्त से प्रस्ताव भेजा है। इसी प्रकार, नीदरलैंड, कनाडा, यूएसए, जापान, इजरायल, स्वीडन, थाईलैंड, फ्रांस और सिंगापुर के राजदूतों व उच्चायुक्तों से भी संवाद बनाया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट प्रदेश की ब्रांडिंग का शानदार मंच होगा। दुनियाभर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करने के लिए समिट के पहले विभिन्न देशों में रोड शो आयोजित करने की तैयारी करें। रोड शो आयोजन में फिक्की और सीआईआई जैसे औद्योगिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाना चाहिए। इन देशों के औद्योगिक संगठनों से भी संवाद किया जाए।

उन्होंने कहा कि रोड शो के माध्यम से विभिन्न देशों के औद्योगिक जगत में उत्तर प्रदेश के ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो सकेगा। रोड शो के लिए देशों और शहरों का चयन करते हुए विस्तृत रूट तय कर लिया जाए। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय रोड शो में मंत्रीगण उत्तर प्रदेश के ब्रांड एम्बेसेडर के रूप में जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रोड शो का रूट तय करते हुए संबंधित देश से जिस सेक्टर में निवेश संभावित हो, उस सेक्टर के विशेषज्ञों को टीम में शामिल करें। मंत्रीगणों के नेतृत्व में जाने वाले समूह का निर्धारण जल्द कर लिया जाए। रोड शो भव्य हो, हमें प्रदेश के बेहतरीन औद्योगिक माहौल के साथ-साथ अपनी संस्कृति की भी ब्रांडिंग करनी चाहिए।

योगी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय रोड शो के साथ-साथ दिल्ली अहमदाबाद, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में भी रोड शो आयोजित किया जाए। इस संबंध में आवश्यक तैयारी समय से पूरी कर ली जाए।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button