उत्तर प्रदेश मजबूत कानून-व्यवस्था और विकास का मॉडल बनकर उभरा : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को मजबूत कानून-व्यवस्था और तेज विकास का राष्ट्रीय मॉडल बताते हुए कहा है कि राज्य एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में पीएम ने इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, सामाजिक कल्याण, निवेश, रोजगार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के कार्यों की सराहना की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। पीएम ने कहा कि यूपी बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बनकर देश के विकास का इंजन बनने जा रहा है।
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को देश में मजबूत कानून-व्यवस्था और तेज विकास का उदाहरण बताते हुए कहा है कि राज्य आज आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है तथा एक ट्रिलियन डॉलर (एक लाख करोड़ डॉलर) की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने प्रदेश में अवसंरचना विकास, विनिर्माण उद्योग, सामाजिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण व संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बीते वर्षों में उत्तर प्रदेश ने निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक गलियारों, डिफेंस कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स हब जैसे बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। इससे न केवल निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
श्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विनिर्माण उद्योग को बढ़ावा देने, स्टार्टअप और एमएसएमई सेक्टर को सशक्त करने तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बेहतर बनाने के प्रयासों से प्रदेश अब देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो रहा है। मिशन मैन्युफैक्चरिंग के तहत प्रदेश को एक प्रमुख उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे निर्यात में भी निरंतर वृद्धि हो रही है।
प्रधानमंत्री ने कानून-व्यवस्था में सुधार को उत्तर प्रदेश की प्रगति की एक मजबूत नींव बताते हुए कहा कि सुरक्षित माहौल ही विकास और निवेश का सबसे बड़ा आधार होता है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था से प्रदेश में उद्योगों को स्थिरता मिली है और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।
सामाजिक कल्याण योजनाओं पर भी प्रधानमंत्री ने विशेष जोर देते हुए कहा कि गरीब, किसान, श्रमिक, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए चल रही योजनाओं से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पेंशन योजनाएं, उज्ज्वला योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों से प्रदेश में जीवन स्तर में सुधार देखने को मिला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत अभियान का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनकर उभरा है। राज्य सरकार द्वारा ग्रीन एनर्जी, सौर ऊर्जा, एथेनॉल उत्पादन, इलेक्ट्रिक व्हीकल, और पर्यावरण अनुकूल परियोजनाओं को बढ़ावा देने से प्रदेश सतत विकास की दिशा में अग्रणी बन रहा है। ग्रीन एनर्जी सेक्टर में निवेश से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिल रहा है, बल्कि नए रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नया वैभव और गरिमा प्रदान करने के प्रयासों से प्रदेश की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है। अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिला है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के पथ पर और तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य का ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने का लक्ष्य न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश की आर्थिक शक्ति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भारत के विकास का इंजन बनने की पूरी क्षमता रखता है और आने वाले वर्षों में यह राज्य विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
राष्ट्रपति, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं हैं।राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को मेरी शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ रही है।उन्होंने कहा, “ मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। मैं इस राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।
”गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “ डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने प्रदेश के निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना भी की है।”मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “ मेरे प्रिय प्रवासी बहनों और भाइयों, विदेश में रहकर अपने परिश्रम, प्रतिभा और मूल्यों के माध्यम से आपने उत्तर प्रदेश और भारत का मान वैश्विक मंच पर बढ़ाया है। हमारी सरकार आपके अनुभव और ज्ञान को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आप सभी को उत्तर प्रदेश दिवस की हृदय से बधाई और मंगलमय शुभकामनाएं।”
मोदी ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य की जनता को बधाई दी और कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने ‘बीमारू’ श्रेणी से बाहर निकलकर ‘बेमिसाल’ प्रदेश बनने का गौरवपूर्ण सफर तय किया है।प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच पर जारी अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में उत्तर प्रदेश का अमूल्य योगदान रहा है।
उन्होंने लिखा, “भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में अमूल्य योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। डबल इंजन सरकार और विकास को समर्पित यहां के लोगों की सहभागिता से हमारे इस राज्य ने बीते नौ वर्षों में बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बनने का सफर तय किया है। “उन्होंने विश्वास जताया कि देश की प्रगति में उत्तर प्रदेश का बहुत योगदान रहने वाला है। उन्होंने लिखा, “मेरा दृढ़ विश्वास है कि देश की प्रगति को गतिशील बनाए रखने में उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य बहुत काम आने वाला है।”
जात-पात से ऊपर उठकर वंशवादी पार्टियों को रिजेक्ट करें, फिर से कमल खिलाएं: अमित शाह
18वें रोजगार मेले में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत



