State

बेकाबू हुआ कोरोना : आज से इस शहर में जनता कर्फ्यू शुरू…

आपातकालीन सेवाओं को मिली छूट

जलगांव । महाराष्ट्र में कोविड -19 के मामलों की संख्या में वृद्धि के बाद जिला अधिकारियों द्वारा सख्त आदेश दिए गए हैं, जिसके तहत जलगांव में गुरुवार से तीन दिनों के लिए जनता कर्फ्यू लागू रहेगा। यह कर्फ्यू गुरुवार रात आठ बजे शुरू होकर 15 मार्च की सुबह आठ बजे तक जारी रहेगा।

जलगांव के जिला कलेक्टर अभिजीत राउत ने मंगलवार को सख्त निर्देश देते हुए कहा, ‘इस आदेश को लागू कराने की जिम्मेदारी नगर निगम और स्थानीय पुलिस की होगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एपिडेमिक एक्ट और आईपीसी (भारतीय दंड संहिता) के अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।’

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कर्फ्यू के दौरान आपातकालीन सेवाओं के अलावा पहले से तय महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एसपीएससी) व अन्य विभागों की परीक्षा देने वालों को छूट रहेगी। महाराष्ट्र में दैनिक कोविड-19 के मामलों की संख्या में वृद्धि के मद्देनजर यह घोषणा की गई है। बता दें महाराष्ट्र देश में कोरोना संक्रमण से सबसे बुरी तरह से प्रभावित राज्य बन गया है। वहीं, जलगांव इस राज्य का सबसे बुरी तरह से प्रभावित जिलों में से एक है।

गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए पिछले महीने लातूर में भी जनता कर्फ्यू लगाया गया था। हालांकि, यह कर्फ्यू हर सप्ताहांत लागू किया जाता था। लातूर जिला अधिकारी ने कहा कि इस पहल को जनता से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। उल्लेखनीय है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नासिक में कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसके तहत यहां स्थित दुकानें सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक ही खुल सकेंगी। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 750 नए मामले दर्ज किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस के 13,659 नए मामले दर्ज किए गए हैं। यह इस साल में एक दिन में दर्ज किए गए सबसे अधिक मामले हैं। इससे राज्य में अब तक कोरोना के कुल 22,52,057 मामले हो चुके हैं। वहीं, यहां एक दिन में कोरोना से हुई 54 लोगों की मौत के बाद कुल मरने वालों की संख्या 52,610 हो गई। कोविड-19 से बुरी तरह से प्रभावित मुंबई में 1,539 मामले दर्ज किए गए। पुणे में 1,384 नए मामले देखे गए और नागपुर में 1,513 लोग संक्रमित पाए गए।

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने बुधवार को महाशिवरात्रि पर्व मनाने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत कहा गया है कि एक बार में 50 से अधिक व्यक्तियों को मंदिर में उपस्थित नहीं होना चाहिए। राज्य सरकार ने मंदिर प्रबंधन से यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है कि परिसर कीटाणु रहित हो। इसके अलावा लोग शारीरिक दूरी और मास्क लगाने के नियम का पालन करें।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button