
रफ्तार की मार : टीयूवी कार ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत,दूसरा गंभीर
दुर्घटनाओं से भरा रहा नये साल का पहला दिन
दुद्धी,सोनभद्र– नए साल का पहला दिन जहां चारों ओर उल्लास भरा रहा, वहीं दूसरी ओर किसी के घर में मातम भी लेकर आया। दुद्धी क्षेत्र में शुक्रवार को नये साल का पहला दिन दुर्घटनाओं एवं मातम से भरा रहा।एक घटना दोपहर में रजखड़ घाटी में हुई सड़क दुर्घटना में आठ लोग घायल हुए।वहीं दूसरी घटना देर रात नगर पंचायत के रामनगर रेलवे क्रासिंग के पास रात्रि 11 बजे घटी। झारो की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार टीयूवी ने विपरीत दिशा से जा रहे बाइक सवार को रौंद दिया। जिससे बाइक चालक की मौत हो गयी, वहीं दूसरे सवार युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए, चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया |
सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया| प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के करमडाड़ ग्राम पंचायत निवासी रामस्वरूप 45 वर्ष पुत्र स्वर्गीय भीखन व डूमरडीहा निवासी दिलीप पुत्र विजय कुशवाहा बाइक से दुद्धी क़स्बे से अपने घर वापस जा रहे थे कि जैसे ही रामनगर रेलवे गेट के समीप पहुँचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित महिंद्रा टीयूवी संख्या UP64AH5120 ने रौंद दिया। टक्कर मारते हुए टीयूबी अपने साइड के दाहिनी ओर 11 हजार हाईटेंशन पोल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना तेज था कि सीमेंटेड पोल अपने स्थान से 2 मीटर दूर खिसक गया।दुर्घटना स्थल के रहवासी श्रीकांत पुत्र इंद्रमणि के छप्पर का छज्जा भी क्षतिग्रस्त हो गया |
घटना को देख और जोरदार टक्कर की आवाज व चीख पुकार सुनकर,दुद्धी चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि समेत अन्य रहवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी।चेयरमैन श्री अग्रहरि ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए खून से लथपथ दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से हॉस्पिटल पहुंचाया।सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंची और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक रामस्वरूप को कुछ देर बाद चिकित्सक संजीव ने मृत घोषित कर दिया,वहीं दिलीप की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया|पुलिस ने मृतक का शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है|
दुद्धी– सड़क जाम करने जा रहे आक्रोशित सफाईकर्मियों को कोतवाल पंकज सिंह ने समझा बुझाकर रोक लिया। सैकड़ो की संख्या में एकत्र सफाईकर्मी अपने साथी सफाई कर्मी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से आहत थे।नौकरी,मुआवजा समेत अन्य मांगों को लेकर वे चक्काजाम करने जा रहे थे।तभी कोतवाल को इसकी भनक लगी और वे सभी जायज मांगों को पूरा कराने का आश्वासन देते हुए,समझा बुझाकर जाम लगाने से रोक लिया।उधर एडीओ पंचायत रविदत्त मिश्रा ने मृतक परिवार को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया।





