State

संतकबीरनगर में खेत में मिला खजाना

संत कबीर नगर : उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में खेत में जुताई के दौरान किसानो को सिक्कों से भरा घड़ा मिलने से सनसनी फैल गयी।अधिकृत सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि एक किसान को खेत की जुताई करने के दौरान खजाना मिलने की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। खेत में प्राचीन दुर्लभ सिक्कों से भरा घड़ा मिला, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सिक्के मिलने के क्षेत्र में चारो तरफ चर्चा हुई, उसके बाद में यह जानकारी तहसील प्रशासन को हुई। प्रशासन ने सिक्कों को अपने कब्जे में ले लिया। तहसील प्रशासन पुरातत्व विभाग को इस सिक्के को सौंपेगा। अनुमान है कि मिले सिक्के मुगलकालीन हैं।

एसडीएम मेंहदावल अरुण कुमार ने यहां बताया कि गुरुवार को अपराह्न मेंहदावल तहसील क्षेत्र के बेलहर थाना क्षेत्र अंर्तगत लोहरौली मिश्र गांव में सुबह अंकित मिश्रा के खेत गाटा संख्या 164/0.531 की जुताई की जा रही थी, इसी दौरान खेत मे मिट्टी का एक बर्तन मिला। जिसमें 168 प्राचीन सिक्के मिले हैं। ये सिक्के मुगलकालीन प्रतीत हो रहे हैं। उर्दू व फारसी शब्दों में इस पर मुगल बादशाहों के नाम लिखे हुए हैं। कुछ लोग चांदी के कुछ सिक्के अपने घर उठा ले गए हैं। इस मामले की जानकारी जब तहसील प्रशासन को हुई तब उनके निर्देश पर तहसील प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे। 168 चांदी के सिक्कों की बरामदगी की गई है। कुछ सिक्के अभी तक ग्रामीणों ने वापस नहीं किए हैं। जिसकी वापसी को लेकर तहसील प्रशासन प्रयास कर रहा है।

बरामद सिक्के सील कर पुरातत्व विभाग को सौंपे जा रहे हैं। पूरे मामले की वृहद जांच पुरातत्व विभाग द्वारा की जाएगी। चांदी के सिक्कों पर फारसी व उर्दू शब्दों में मुगल बादशाहों के नामों का उल्लेख है। ये सिक्के लगभग 500 वर्ष पुराने बताए जा रहे हैं। एसडीएम मेंहदावल अरुण कुमार ने कहा कि बरामद सिक्कों को सील कर पुरातत्व विभाग को इसकी जानकारी दी गई है। अब पूरे मामले की जांच पुरातत्व विभाग करेगा। जिसके बाद सिक्कों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button