Crime

वाराणसी -सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत

काफी इंतजार के बावजूद भी नहीं पहुंची एम्बुलेंस,गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

वाराणसी। आज मिर्जामुराद इलाके में मानवता को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई जब दो चचेरे भाइयों ने दुघर्टना के बाद सड़क पर दम तोड़ दिया।इस दौरान एक घण्टे तक न किसी ने उनकी सुधि ली न एम्बुलेंस पहुंची सब तमाशबीन बने रहे। बताया गया कि मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवां- कपसेठी मार्ग पर आज सुबह पिकप की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों भाई एक घण्टे तक सड़क पर ही गिर कर तड़पते रहे लेकिन एम्बुलेंस नहीं आ सकी और उनकी जान चली गई। बाद में गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। लगभग सवा तीन घण्टे बाद तहसीलदार व पुलिस के समझाने पर चक्का जाम खत्म हुआ।

इस दौरान हाइवे होने से कछवांरोड कपसेठी मार्ग पर दोनों तरफ लगभग 7 किलोमीटर तक जाम लगा रहा। बताया जा रहा है कि सन्दीप बिन्द उम्र(26) वर्ष व अजय बिन्द उम्र (20) वर्ष निवासी खानापुर थाना गोपीगंज जनपद भदोही अपने बुआ के लड़के की शादी में कपसेठी के बरकी गांव आए थे। मिल्कीपुर गांव के पास कपसेठी के तरफ से बाइक सवार दो चचरे भाई आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा कछवांरोड के तरफ से आ रही पिकप ने जोरदार टक्कर मारते हुए दोनों को रौंद दिया। आसपास के लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस के लिए फोन किया लेकिन एक घण्टे तक नहीं पहुंची।

इससे दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। मौके पर थाना प्रभारी, जंसा रोहनिया, कपसेठी, बड़ागांव मिर्जामुराद समेत भारी संख्या में फ़ोर्स पहुंची और ग्रामीणों को किसी तरह समझा कर शव को कब्जे में लिया। सबसे दर्दनाक यह की सड़क पर पड़े दोनों युवकों को किसी ने उठाकर नजदीक के अस्पताल तक नहीं पहुंचाया। फर्राटा भरते किसी वाहन ने भी रुक कर उनकी सुधि नहीं ली जो दोनों के मौत की मुख्य वजह बनी।

Related Articles

Back to top button