UP Live

भलुअनी नगर पंचायत की अनदेखी पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा, सौंपा दस सूत्रीय मांगपत्र

भलुअनी नगर पंचायत में मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान व्यापारियों व यूथ ब्रिगेड ने अधिशासी अधिकारी को दस सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। नाला निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी, सफाई, फॉगिंग और कूड़ा निस्तारण जैसी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।

  • नाला, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी, सफाई व फॉगिंग समेत बुनियादी सुविधाओं की मांग, ईओ ने दिया आश्वासन

भलुअनी (देवरिया)। नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय व्यापारी वर्ग और यूथ ब्रिगेड के सदस्यों में रोष देखा गया। सोमवार को व्यापारियों व युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमिताभ मणि त्रिपाठी को दस सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए त्वरित समाधान की मांग की।

वरिष्ठ व्यवसायी एवं यूथ ब्रिगेड तथा व्यापार मंडल के संरक्षक भरत वर्मा के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल नगर पंचायत कार्यालय पहुँचा। उनके साथ पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष संतोष मद्धेशिया वैश्य सहित लक्ष्मण वर्मा, मनोज मद्धेशिया, सत्यम वर्मा, अभिषेक गुप्ता, डॉ. शिवप्रताप सिंह, रामजी वर्मा, विकास मद्धेशिया, बलराम वर्मा, मोहनलाल वर्मा, दुर्गा मद्धेशिया, शत्रुघ्न वर्मा, रामप्रवेश मद्धेशिया, शिवम वर्मा, तैयब अली, आनंद वर्मा एवं शुभम वर्मा मौजूद रहे।

दस सूत्रीय मांगों में प्रमुख बिंदु

मांगपत्र में बाजार क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को रेखांकित करते हुए कहा गया कि पूरब पटरी पर नाला निर्माण न होने से जलभराव बना रहता है। पूरे बाजार एवं शिव मंदिर रोड पर प्राथमिक विद्यालय से पुलिया तक स्ट्रीट लाइट न होने से रात्रि में दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। पूरे बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने, ऑटो व ई-रिक्शा स्टैंड की समुचित व्यवस्था करने, तथा जलकल विभाग की लापरवाही से हो रही पानी की बर्बादी पर रोक लगाने की मांग की गई।

इसके साथ ही डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था, सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग, शिव मंदिर परिसर व पोखरे की प्रतिदिन सफाई, मंदिर परिसर स्थित छठ वेदियों को हटाकर उन्हीं ईंटों से सीढ़ी निर्माण, तथा पूरे बाजार व सभी वार्डों में नियमित झाड़ू व सफाई सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।

कूड़े के ढेर से बढ़ती परेशानी

व्यापारियों ने नगर पंचायत कार्यालय से कुछ ही दूरी पर लगे कूड़े के ढेर का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि इससे उठती दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले परिवारों में बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है और मच्छरों का प्रकोप भी गंभीर रूप ले चुका है। उन्होंने शीघ्र दवा छिड़काव और कूड़े के नियमित निस्तारण की मांग की।

प्रशासन का आश्वासन

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमिताभ मणि त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि भलुअनी नगर पंचायत क्षेत्र देवरिया में व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मांगों पर शीघ्र अमल नहीं हुआ, तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।

गोरखपुर का आदिवासी बहुल वनटांगिया गांव बनेगा प्रदेश का पहला “जल अर्पण गांव”

कोहरे में भी सुरक्षित सफ़र: योगी सरकार के सख़्त निर्देश, बसों की रफ्तार पर लगी लगाम

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button