
गाजीपुर । जनपद के जखनियां तहसील क्षेत्र के भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मस्तीपुर गांव में सोमवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन किशोरों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक किशोर बुरी तरह घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है।
गौरतलब हो की भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के मस्तीपुर गांव निवासी मुकेश पुत्र सुरेंद्र सरोज 13 वर्ष, सागर सरोज पुत्र शीतला प्रसाद 15 वर्ष, अभिषेक पुत्र मोती 12 वर्ष व आशीष पुत्र जितेंद्र 10 वर्ष गांव के बगल में मंगई नदी के किनारे पशुओं को लेकर चराने गए थे। उसी समय अचानक शुरू हुई तेज बरसात के साथ आकाशीय बिजली गिरने से सभी बच्चे अचेत होकर खेत में गिर गए।
बगल में धान की रोपाई कर रही महिलाओं ने शोर मचाया तब गांव वालों ने सभी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया पहुंचे।जहां डॉक्टरों ने मुकेश पुत्र सुरेंद्र सरोज 13 वर्ष, सागर सरोज पुत्र शीतला प्रसाद 15 वर्ष, अभिषेक पुत्र मोती 12 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं आशीष पुत्र जितेंद्र 10 वर्ष बुरी तरह झुलसकर घायल हो गया। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि 3 बच्चो की मौत हो चुकी है, एक घायल का इलाज चल रहा है।(हि.स.)



