
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली के चहरपुर गांव में 16/17 मार्च की में रात जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, सूचना पर पहुँची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की तहरीर के आधार में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि गांव के देवनारायण व इन्द्र प्रकाश के बीच जमीन विवाद का मामला था, देव नारायण ने अपनी जमीन को इन्द्र प्रकाश को बैनामा किया था। जिसका पैसा बकाया था।
सोमवार की रात 9 बजे शराब के नशे में देवनारायण उसी पैसे को मांगने उसके घर चला गया।जहाँ पर दोनों में विवाद के बाद मारपीट हो गयी। आरोप है कि प्रकाश ने परिजनों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। चोट लगने के बाद वह भाग कर घर आया और घटना की जानकारी देते हुए गिर पड़ा। परिजन उसे लेकर सीएचसी मड़ियाहूं गये, जहाँ से डक्टरों ने जवाब देते हुए रेफर कर दिया। हालत बिगड़ती देख परिजन नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गये जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।घटना की जानकारी 112 नम्बर पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पीआरवी के साथ कोतवाली पुलिस ने भी पहुँच कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने रात में ही शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जौनपुर स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया।इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं ने मीडिया को घटना की जानकारी दी।


