Crime

बोलने ,सुनने में अक्षम तीन किशोरों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

चेन्नई : तमिलनाडु के चेन्नई में उपनगरीय उरापक्कम में बोलने और सुनने में अक्षम तीन बच्चे मंगलवार शाम को रेलवे ट्रैक पार करते समय एक ईएमयू ट्रेन की चपेट में आ गए जिससे तीनों की मौत हो गयी।पुलिस सूत्रों ने कहा कि सभी लड़के कर्नाटक के रहने वाले थे और अपने रिश्तेदारों के घर पूजा की छुट्टियों के लिए चेन्नई आए थे। ये तीनों बच्चे वंडालूर चिड़ियाघर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

मृतकों की पहचान जे. सुरेश (15), उनके भाई रवि (12) और मंजूनाथ (11) के रूप में हुई।पुलिस ने कहा कि ये किशोर छुट्टियों में अपने चाचा के घर आए थे। चाचा का घर रेलवे ट्रैक से कुछ गज की दूरी पर स्थित है। ये तीनों किशोर वंडालूर चिड़ियाघर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। रेलवे ट्रैक पार करते समय ये तीनों चेन्नई बीच-चेंगलपट्टू ईएमयू ट्रेन की चपेट में आ गए।सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) तांबरम पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्रोमपेट सरकारी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया। (वार्ता)

Related Articles

Back to top button