जौनपुर : उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बक्सा क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम जमीनी विवाद में पाटीदारों ने चाकू मार कर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी पिता व दो पुत्रों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार क्षेत्र के बरपुर गांव निवासी राजनाथ गौतम का पड़ोसी पट्टीदारों लाल बहादुर गौतम व उनके दो पुत्रों सुरेंद्र गौतम और वीरेंद्र गौतम से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को लेकर शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
इसी विवाद में एक पक्ष के एक व्यक्ति ने राजनाथ के 23 वर्षीय पुत्र अंकित को चाकू मार दिया। परिवार के लोग घायल को पहले बक्सा स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए जहां से चिकित्सक ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जिला चिकित्सालय पहुंचते उसकी बिगड़ी हालत को देखकर चिकित्सक ने वाराणसी बीएचयू के लिए रेफर कर दिया, वाराणसी ले जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।(वार्ता)



