State

एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को लागू करने में कोई जल्दबाजी नहीं : आज़ाद

श्रीनगर । डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि देश में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा को लागू करने में कोई जल्दबाजी नहीं है। श्री आजाद पूरे देश में एक साथ राष्ट्रीय और राज्य चुनाव कराने के लिए सरकार की ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ अवधारणा की जांच करने के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति के सदस्य हैं। पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द की अध्यक्षता वाली समिति ने पिछले महीने अपनी पहली आधिकारिक बैठक की।

उन्होंने कहा कि समिति की केवल प्रारंभिक बैठक हुई थी और यह एक परिचयात्मक बैठक थी। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि इसे लागू करने में कोई जल्दबाजी है, जैसा कि कुछ लोग सुझाव दे रहे हैं। राष्ट्रीय दलों, मान्यता प्राप्त दलों, क्षेत्रीय और अन्य दलों के साथ विचार-विमर्श किया जाना चाहिए तथा विचार-विमर्श के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह गलत सूचना है कि समिति स्वयं निर्णय लेगी। उन्होंने कहा, हर किसी की राय मांगी जाएगी। महिला आरक्षण विधेयक पर श्री आजाद ने कहा कि यह विधेयक तीन दशक देर से आया है। उन्होंने विधेयक पारित करने के लिए सरकार और अन्य सभी दलों की सराहना करते हुए कहा, देर हो गयी है। इसे 15 से 20 साल पहले आना चाहिए था। इसे 30 साल पहले भी आना चाहिए था। यूपीए के समय की तरह पहले के प्रयासों में भी कुछ घटक दल इसके खिलाफ थे। कोई एकमत नहीं था। अब, कम से कम सर्वसम्मति है और यह लोकसभा तथा राज्यसभा दोनों में पारित हो गया।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button