National

बचाव अभियान की सफलता हर किसी के लिए भावनात्मक क्षण है: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने उत्तरकाशी सुरंग बचाव अभियान से जुड़े सभी लोगों के जज्बे को सलाम किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तरकाशी सुरंग बचाव अभियान से जुड़े सभी लोगों के जज्बे को सलाम किया है।श्री मोदी ने कहा कि उत्तरकाशी स्थित सुरंग में हमारे श्रमिक भाइयों के बचाव अभियान की सफलता हर किसी के लिए भावनात्मक क्षण है। उन्होंने सुरंग में फंसे लोगों के साहस और धैर्य की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मिशन में शामिल हर किसी ने मानवता और टीम वर्क की एक अद्भुत मिसाल कायम की है।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया;उत्तरकाशी में हमारे श्रमिक भाइयों के रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता हर किसी को भावुक कर देने वाली है।टनल में जो साथी फंसे हुए थे, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि आपका साहस और धैर्य हर किसी को प्रेरित कर रहा है। मैं आप सभी की कुशलता और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।यह अत्यंत संतोष की बात है कि लंबे इंतजार के बाद अब हमारे ये साथी अपने प्रियजनों से मिलेंगे। इन सभी के परिजनों ने भी इस चुनौतीपूर्ण समय में जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, उसकी जितनी भी सराहना की जाए वो कम है।मैं इस बचाव अभियान से जुड़े सभी लोगों के जज्बे को भी सलाम करता हूं। उनकी बहादुरी और संकल्प-शक्ति ने हमारे श्रमिक भाइयों को नया जीवन दिया है। इस मिशन में शामिल हर किसी ने मानवता और टीम वर्क की एक अद्भुत मिसाल कायम की है।

सिलक्यारा टनल में फंसे सभी 41 मजदूरों को सफलतापूर्वक बचा लेने से खुश हूं : गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल में फंसे सभी 41 मजदूरों को सफलतापूर्वक बचा लेने पर खुशी जाहिर करते हुए बचाव कार्य में शामिल सभी लोगों को धन्यवाद कहा है।गडकरी ने इस घटना से सबक सीखने की बात कहते हुए कहा कि टनल का सेफ्टी ऑडिट भी करेंगे और भविष्य में अच्छी से अच्छी तकनीक का इस्तेमाल करने की भी कोशिश करेंगे। नितिन गडकरी ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि सिलक्यारा टनल के हादसे के कारण जो 41 मजदूर फंसे हुए थे, उनकी जान बच गई है और उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया गया है।

उन्होंने कहा कि पीएमओ के मार्गदर्शन में भारत सरकार की सभी एजेंसियों, उत्तराखंड सरकार और वहां की स्थानीय जनता, सब लोगों ने मिलकर रात-दिन परिश्रम किया और मेहनत की और उसके बाद यह सफलता मिली है।गडकरी ने कहा कि यह बहुत गहरा संकट था। जिन लोगों की जान बची, उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नितिन गडकरी ने जान बचाने वाले सभी एजेंसियो और लोगों के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद भी कहा है।

सिलक्यारा सुरंग से निकले श्रमिकों को सरकार देगी 1-1 लाख रुपये, बौखनाग का मंदिर बनेगा

सिलक्यारा सुरंग से 17वें दिन मंगलवार को निकाले गए 41 मजदूरों को चिन्यालीसौड़ में बनाए गए अस्पताल में ले जाया गया है, जहां 48 घंटे तक तमाम मजदूर डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। उसके बाद उन्हें उनके परिजनों से मिलने दिया जाएगा। इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रमिकों के स्वस्थ होने पर सरकार की तरफ से एक-एक लाख रुपये के चेक बतौर आर्थिक सहायता के रूप में दिए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने इस कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन में 17 दिनों से दिन रात लगी सभी एजेंसियों, कर्मचारियों एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, बीआरओ के साथही अंतरराष्ट्रीय टनलिंग विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स और उनकी टीम और क्रिस कूपर सभी का धन्यवाद किया। धामी ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को सरकार एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पताल में इलाज और घर जाने तक की पूरी व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में इलाज पर होने वाला खर्चा सरकार उठाएगी। इनके अलावा परिजनों और श्रमिकों के खाने, रहने की भी व्यवस्था सरकार कर रही है। उन्‍होंने कहा कि श्रमिकों के घर जाने तक का पूरा खर्चा भी सरकार वाहन करेगी। धामी ने कहा कि बाबा बौखनाग और देवभूमि के देवी-देवताओं की कृपा से ऑपरेशन सफल हुआ है। इसलिए बौखनाग देवता का सिलक्यारा में भव्य मंदिर बनाया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा बौखनाग के आशीर्वाद से सभी श्रमिक सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। उन्‍होंने कहा कि ग्रामीणों ने बाबा बौखनाग के मंदिर बनाने की मांग उठाई है। इस मांग को सरकार पूरा करेगी।

सुदर्शन पटनायक ने सिल्कयारा सुरंग में फंसे मजदूर को सुरक्षित निकलने पर रेत की सुरंग बनाई

ओड़िशा के प्रसिद्ध रेत शिल्पी सुदर्शन पटनायक ने उत्तराखंड की सिल्कयारा सुरंग में फंसे मजदूर को सुरक्षित निकालने के काम को पूरा करने वाले राहत और बचाव दल के सम्मान में पुरी में समुद्र के किनारे रेत की सुरंग बनाई।बालू कलाकार सुदर्शन ने उसके नीचे लिखा “हमारे बचाव दल को सलाम ” इस सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिन बाद रविवार शाम सुरक्षित निकाला गया। इन श्रमिकों में पांच श्रमिक ओड़िशा के भी हैं।मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी श्रमिकों की सुरक्षित निकासी पर संतोष जताया है और बचाव दल के प्रति आभार व्यक्त किया है।(वार्ता)(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button