
वाराणसी में अपने भट्ठे के लिए निकले मालिक को बदमाशों ने घायल कर लूट ली 2 लाख की रकम
केराकत के नाऊपुर की घटना, भट्ठा मालिक को अपहृत कर ले जा रहे थे बदमाश
जौनपुर। केराकत क्षेत्र के नाऊपुर में मंगलवार को स्कार्पियो सवार बदमाशों ने एक भट्ठा मालिक का अपहरण करने के बाद मारपीट कर दो लाख रूपया लूट लिया। बराई गांव के पास कुछ लोगों को देख जब वह चिल्लाने लगे तो बदमाश उन्हें छोड़कर मौके से भाग निकले। खबर मिली है कि वाराणसी के मोहांव में स्थित एस मार्का ईंट भट्ठा के मालिक सरौनी गांव निवासी सचिन सिंह सुबह बाइक से अपने भट्ठा पर जाने के लिए घर से निकले। जब वह नाऊपुर के पास पहुंचे तो पांच बदमाशोंं ने पिस्टल दिखाते हुए उन्हें रोक लिया और पीटने लगे, पीटकर स्कार्पियो में बैठा लिया।
बदमाशों ने बाइक की डिग्गी में रखे गये दो लाख रूपया निकाल लिया। उनका अपहरण कर बराई गांव की ओर भागने लगे। इसी बीच प्रतिरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से उनके सिर पर कई प्रहार किया। दो घंटे तक बदमाश उनको स्कार्पियो में घुमाते रहे। बराई गांव के पास कुछ लोगों को देखकर जब सचिन सिंह चिल्लाने लगे तो बदमाश उन्हें वहीं छोड़कर फरार हो गये। वारदात के बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सचिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। सचिन सिंह ने बताया कि भट्ठे पर आये कोयला का हिसाब करने के लिए दो लाख रूपया लेकर वह वाराणसी जा रहे थे, इसी दौरान पांच की संख्या में बदमाशोंं ने मारपीट कर पास रखे दो लाख रूपये लूट लिए। इस मामले में पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि हिसाब के लाखों रुपये साथ होने की जानकारी किसी करीबी ने ही बदमाशों को दी होगी।



