
काशी में निकली भव्य श्रीराम नवमी शोभायात्रा, श्रद्धा से सराबोर हुआ शहर
वाराणसी में श्रीराम नवमी पर सनातन रक्षा परिषद और भाजयुमो द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाबा कीनाराम आश्रम से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यात्रा गौदौलिया पहुंची। झांकियां, वानर सेना, भक्ति संगीत और हनुमान चालीसा पाठ ने माहौल को भक्तिमय बना दिया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
वाराणसी : सनातन रक्षा परिषद एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) महानगर के संयुक्त तत्वावधान में श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर काशी में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। परंपरागत रूप से निकाली जा रही यह शोभायात्रा इस वर्ष अपने पांचवें संस्करण में और भी अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में नजर आई।
यात्रा का शुभारंभ बाबा कीनाराम आश्रम से हुआ, जो शिवाला, सोनारपुरा, बंगाली टोला, मदनपुरा और जंगमबाड़ी जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गौदौलिया चौराहे पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। पूरे मार्ग में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम की मनमोहक झांकी एवं हनुमान जी की वानर सेना रही, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके अलावा पाइप बैंड, ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के दौरान मदनपुरा स्थित हनुमान मंदिर पर सनातन रक्षा परिषद द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। शोभायात्रा का समापन गौदौलिया चौराहे पर नंदी जी की आरती के साथ हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर आरती में भाग लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विभाग प्रचारक नितिन जी, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, निवर्तमान अध्यक्ष विद्यासागर राय, प्रमुख उद्यमी प्रदीप जायसवाल, डॉ. राकेश त्रिवेदी एवं अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
शोभायात्रा का नेतृत्व भाजयुमो महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन सुयश अग्रवाल, सिद्धेश जिंदल, गुलशन कपूर एवं मोहित जायसवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर कौशिक गुप्ता, युग तिवारी, आयुष खन्ना, रितिक सोनकर, आशीष पोद्दार, अनुराग यादव, गौरव जायसवाल, भूषण जायसवाल, साहिल सोनकर, विवेक सिंह, आदिति सिंह सहित बड़ी संख्या में राम भक्त उपस्थित रहे।
रामनवमी पर अयोध्या में आस्था का महासागर, सूर्य तिलक से आलोकित हुए रामलला
2.38 लाख करोड़ के रक्षा सौदों को मंजूरी, सशस्त्र बलों की ताकत होगी दोगुनी



